शुक्रवार को बारिश के चलते लोगों को राहत मिली हालांकि पुराने शहर की गलियों में कीचड़ आदि की समस्या हो गई। जबकि सारसौल फीडर से आने वाली लाइन पर इंश्यूलेटर बर्स्ट हो जाने से तहसील परिसर और आफिस सहित आसपास के इलाकों में दोपहर के समय बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस का माहौल था। शुक्रवार को बारिश की बूंदें राहत लेकर आई और अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइटों के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री रहा और न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले कुछ दिनों में मौसम का यही मिजाज रहेगा। दूसरी ओर बारिश के चलते शहर की घनी आबादी वाले निचले इलाकों में कीचड़ का महौल हो गया। सराय लबरिया, देहली गेट, सराय मियां, मानिक चौक, सराय रहमान, नई बस्ती आदि इलाकों में नालियों के उफनने की समस्या रही। लोगों का कहना है कि जरा सी देर की बारिश में जब यह हाल है तो तेज बारिश में क्या स्थिति होगी।
जलभराव ग्रस्त गोंडा मोड़ पर पूर्व विधायक ने पढ़ी नमाज
कई वर्षों से जलभराव से ग्रस्त इलाके गोंडा रोड की समस्या का समाधान भले ही नहीं हो पा रहा हो लेकिन इस मुद्दे पर राजनेताओं का ध्यान जरूर चला गया हैा। कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता बिजेंद्र सिंह के वहीं कीचड़ में उतर कर पैदल चलने के बाद अब शुक्रवार को बसपा नेता हाजी जमीरउल्लाह इलाके में पहुंचे। नीवरी स्थित रहमानिया मस्जिद में पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ी। इस अवसर पर जमीरउल्लाह ने जल भराव का जायजा लिया और कहा कि वह लोगों की समस्याओं को लेकर जल्द ही अधिकारियों से मिलकर सड़क के निर्माण, नाले आदि बनवाने की बात रखेंगे। यहां नमाजियों, राहगीरों आदि की परेशानियों के निवारण के लिए गोंडा रोड की जनता ने जमीरउल्लाह को बुलाया था। उनके साथ पार्षद मुशर्रफ हुसैन मेहजर, फैजान अहमद खान, मुजाहिद रजा, इमरान खान, कमालउद्दीन, अख्तर अली, सलमान अहमद खान, आफाक खां, फूूल खां, नसीर सैफ, नदीम वासु, बबलू अंसारी, शकील अहमद, पार्षद इमरान घोसी, अकरम पार्षद, सय्यद इक़बाल हुसैन, राहत अली माबूद नगर आदि थे।