बृहस्पतिवार की रात को अचानक तेज हवाओं के साथ पड़े ओलों ने न सिर्फ सर्दी को बढ़ा दिया बल्कि बिजली की आपूर्ति को भी पूरी तरह ठप कर दिया। शहर में कई जगह दीवारें गिर गईं। कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूट गईं और सड़कों पर लगे होर्डिंग फट गए और गिर गए। देहात में कई जगह रास्तों पर पेड़ गिर गए।
बृहस्पतिवार को पूरे ही दिन धूप नहीं निकली। रात को करीब 7.30 बजे अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवाओं के साथ ओले पड़ने शुरू हो गए। शहर से लेकर देहात तक में ओलों का प्रकोप रहा। कृषि विभाग के मुताबिक बरला के पास बाबू पुर पिपलोई में जबरदस्त ओले पड़े हैं। शहर में जयगंज पीली कोठी में एक मकान की दीवार गिर गई, जिसमें दो लोगों के घायल होने की जानकारी है। नई बस्ती में भी पुराने एक मकान का जर्जर हिस्सा गिर गया। इसके अलावा तेज हवाओं के चलते ऊपर कोट, डी सेंटर, हाथरस अड्डा, भुजपुरा, घंटाघर, बारहद्वारी बिजली घर, गूलर रोड, क्वार्सी, विक्रम कालोनी, स्वार्ण जयंती नगर आदि बिजली घरों से सप्लाई हो रहे तार टूट गए। एहतियातन सभी 54 बिजलीघरों की बिजली आपूर्ति बंद की गई। देहात में खैर और अन्य स्थानों पर बिजली के तार टूटने से आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा डिग्गी रोड़, कचहरी रोड, स्टेट बैंक तिराहे, पर होर्डिंग फट गए। पेड़ गिर गए। देर रात तक बिजली विभाग की टीम लाइनों की पेट्रोलिंग करके आपूर्ति को सुचारु करने के काम में जुटी थीं।
‘ओले और बारिश से अभी फौरी तौर पर बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। शुक्रवार को विभाग की टीम सर्वे कराएगी। इसके बाद क्षति का आंकलन किया जाएगा’
अनिल कुमार, डिप्टी डायरेक्टर, कृषि विभाग
खैर में आलू और लाहा की फसलों को नुकसान
खैर व आसपास के गांवों में बृहस्पतिवार को साढ़े सात बजे के लगभग तेज हवा के साथ जमकर ओले गिरे। घरों में आंगन में ओले इकट्ठे हो गये। बच्चों ने ओले बाल्टी और पॉलिथीन में भर लिये। वहीं ओले गिरने से किसानों के चहरे उतर गए हैं। उनके माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही हैं। ओलों से आलू और लाहा की फसल को नुकसान हुआ है। किसान अवधेश गिरी गोस्वामी ने बताया कि बीस वर्षों में जाड़े के दिनों में इतनी तेज ओलों की बरसात उन्होंने नहीं देखी। एक तरह से किसानों के लिये यह आपदा की तरह है। ओले गिरने से आलू का पौधा टूटने और लाहा पर आने पर वाली फली झड़ने की प्रबल संभावना है। जबकि गेंहू की फसल में कम नुकसान होगा।
ओलावृष्टि के बीच होकर गुजरते राहगीर।- फोटो : CITY OFFICE