बुधवार की देर रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। इसके चलते सर्दी बढ़ गई और जनजीवन पर भी पड़ा। बाजारों में भीड़ कम रही। बच्चों को स्कूल जाने में असुविधा हुई तो बारिश के चलते कुछ इलाकों में कीचड़ भी हो गया। वहीं, शाम को जिन बैंक्वेट हॉल और फार्म हाउसों में शादी समारोह आयोजित होने थे, उनकी रंगत भी फीकी हो गई, तैयारियों को झटका लगा। साथ ही नगर निगम के अस्थायी रैन बसेरों से पानी टपकने लगा। इससे यहां पर शरण लेने वालों को असुविधा हुई।
बुधवार को मौसम ने अचानक करवट बदली थी। देर रात हुई बारिश का सिलसिला सुबह भी जारी रहा। बृहस्पतिवार सुबह जोरदार बारिश हुई। शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। सड़कों को खोदा गया है। भूमिगत केबल आदि डालने के लिए भी खुदाई की गई है। बारिश के बाद इन स्थानों पर कीचड़ हो गया। यहां से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया। बारिश के बाद सर्दी भी बढ़ गई।
दूसरी ओर नगर निगम ने जो अस्थायी रैन बसेरे बनाए हैं, बारिश की वजह से वह भी टपकने लगे। माना जा रहा था कि देर शाम तक रैन बसेरे सूख जाएंगे लेकिन वह नहीं सूखे। बृहस्पतिवार को जिन बैंक्वेट हालों में शादी समारोह आयोजित होने थे, वहां पर तैयारियों को झटका लगा।
आईटीआई रोड, केलानगर चौराहा, मेडिकल रोड, मैरिस रोड चौराहा, सेंटर प्वाइंट लेखराज नगर की ओर जहां निर्माण चल रहा है, वहां पर रास्ता चलने लायक नहीं रह गया। श्याम नगर,पान दरीबा, बैकुंठ नगर, छर्रा अड्डा पर कीचड़ हो गया। इस वजह से लोगों को दिक्कत हुई।
बारिश और सर्दी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
- जब तक बाहर जाने की जरूरत नहीं हो, घर के अंदर रहें। बच्चे और वृद्ध खास तौर से।
- मौसम की जानकारी लगातार लेते रहें।
- शरीर को गर्म रखने के लिए पौष्टिक और गर्म तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।
- घर से बाहर समुचित कपड़े पहन कर ही निकलें, चेहरा और हाथों को भी ढक लें।
- मवेशियों को भी रात में खुले में नहीं छोड़ें।
े