केंद्रीय वित्त मंत्री 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश करने जा रही हैं। इस बजट से आम जनता, विशेषकर रेल यात्रियों और व्यापारियों को काफी उम्मीदें हैं। अलीगढ़ जैसे औद्योगिक और घनी आबादी वाले शहर के लिए रेलवे लाइफलाइन की तरह है, लेकिन वर्तमान में यात्री कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।
बजट में व्यापारियों के लिए मालगाड़ियों के सुगम संचालन और फ्रेट कॉरिडोर में सुविधाओं की घोषणा होनी चाहिए। व्यापार तभी बढ़ेगा जब माल समय पर और कम लागत में पहुंचेगा।- अभिनव कुमार, जेल रोड
विज्ञापन
वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनें अच्छी हैं, लेकिन मिडिल क्लास लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर निर्भर है। सरकार को लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ानी चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि वे समय पर चलें। - कुनाल शर्मा, जयगंज
रेलवे स्टेशनों पर मुफ्त वाई-फाई के साथ-साथ डिजिटल सुविधाओं का विस्तार हो। टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम करने के लिए बजट में नई तकनीक पर जोर देना चाहिए। - रोहित वार्ष्णेय, सुरेंद्र नगर
वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल किराए में छूट जो बंद कर दी गई थी, उसे इस बजट में बहाल किया जाना चाहिए। यह हमारी सबसे पुरानी मांग है। - शरद बंसल, सूतमिल
ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। बजट में हर कोच में सीसीटीवी और सुरक्षा गार्डों की तैनाती के लिए विशेष प्रावधान होना चाहिए। - सविता मित्तल, बेगम बाग
स्टेशनों और ट्रेनों में सफाई की व्यवस्था अब भी संतोषजनक नहीं है। लंबी दूरी की ट्रेनों में बायो-टॉयलेट्स और साफ चादरों जैसी बुनियादी सुविधाओं पर अधिक निवेश की जरूरत है। - बीना, रावण, टीला