एक फरवरी को पेश किए गए आम बजट में रेलवे के क्षेत्र में अलीगढ़ परिक्षेत्र को 255.17 करोड़ रुपये की सौगात विकास कार्यों के लिए दी गई है। पिंक बुक जारी होते ही रेलवे प्रशासन में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस बजट में भले ही यहां नई ट्रेनों की सौगात या किसी राजधानी और शताब्दी ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया है मगर यात्रियों की सुविधाओं और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
बजट में मिली रकम से अधूरे पड़े पुलों के निर्माण, रेलवे ट्रैक संरक्षण, नवीनीकरण, बिजली क्षमता का विस्तार, दोहरीकरण, तीसरी और चौथी रेलवे लाइन का काम पूरा होने की उम्मीदों को बल मिला है। इसके साथ ही सीडी साइडिंग माल गोदाम महरावल में होने की भी उम्मीद जागी है। हालांकि इस उम्मीद पर अभी कोई भी अधिकारी खुलकर नहीं बोल रहा है।
दिल्ली छोर के फुट ओवरब्रिज के लिए साढ़े चार करोड़ जारी
जंक्शन के दिल्ली छोर की ओर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए इस बजट में साढ़े चार करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इस ओवरब्रिज के लिए 11 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। इधर, अलीगढ़-गाजियाबाद के बीच तीसरी रेलवे लाइन के बीच 4.47 करोड़ रुपये की मदद से रेलवे ट्रैक के बाकी कार्यों को पूरा किया जाएगा। अलीगढ़-चिपयाना के बीच दोहरी जांच, बहुखंडीय, अंकीय धुरा गणक, एक्सल काउंटर के निर्माण के लिए 32 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।
स्वचालित सिग्नल प्रणाली से सरपट दौड़ेगी ट्रेन
अलीगढ़ से गाजियाबाद के बीच अप लाइन पर स्वचालित सिग्नल प्रणाली के तहत महरावल से अलीगढ़ के बीच कार्य को पूरा करने के लिए 6.44 करोड़ रुपये का बजट मिला है। अलीगढ़ जंक्शन पर एक डाउन लूप लाइन और प्लेफॉर्म निर्माण और स्टेशन सुधार के लिए 2.64 करोड़ रुपये मिले हैं। अलीगढ़- मुगलसराय के बीच दिशात्मक स्वचालित सिग्नल प्रणाली और छोटी लूप लाइनों के विस्तार का काम 20.40 करोड़ रुपये से पूरा होगा। इधर, हरदुआगंज और मंजूरगढ़ी स्टेशन पर इलेक्ट्रो मैकेनिकल के तहत रंगीन प्रकाश सिग्नल पैनल प्रणाली को चालू करने के लिए 14.64 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अलीगढ़ जंक्शन पर 33 केवीए के उपकेंद्र और महरावल में 11 केवीए के कर्षण विद्युत केंद्र में बदलाव होगा।
छह ओवरब्रिज के निर्माण को भी धनराशि जारी
बरेली-अलीगढ़ ब्रांच लाइन पर मंजूरगढ़ी और हरदुआगंज के गेट संख्या 85 बी पर 3.01 करोड़, गेट संख्या 86 बी पर बनने वाले ओवरब्रिज के लिए 7.64 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अलीगढ़-दाऊद खां में बन रहे ओवरब्रिज के शेष निर्माण के लिए 4.47 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। कुलवा-सोमना के बीच गेट संख्या 119 बी पर 7.11 करोड़ रुपये, अलीगढ़-महरावल के गेट संख्या 111 ए पर 3.54 करोड़ रुपये और सोमना के गेट संख्या 120 बी दौरऊ गांव पर 7.11 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज बनेगा।
लेनदेन के विवाद में दुकानदार का सिर फोड़ा
महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर में कुछ युवकों ने लेन-देन के विवाद में एक इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बेचने वाले दुकानदार को पीट दिया। दुकानदार के सिर में गंभीर चोटें आईं हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दुकानदार ने युवकों के खिलाफ तहरीर दे दी है।गोगा जी पैलेस के पास शंकर मार्केट में नागेश इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान चलाने वाले नागेश कुमार पुत्र श्यौदान निवासी जल्लूपुर सिहोर बंबा ने बताया कि धनीपुर इलाके एक युवक से उसका लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। इस बात पर उसने अपने चार से पांच साथी बुला लिए। सभी ने दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट कर सिर फोड़ दिया और फरार हो गए। इंस्पेक्टर गांधी पार्क शंभूनाथ शुक्ला का कहना है कि दुकानदार की हालत में सुधार है। हमलावरों की तलाश की जा रही है।