जहरीली शराब के माफिया रालोद नेता अनिल चौधरी के गांव धारा की गढ़ी स्थित आवास पर मंगलवार को एसडीएम इगलास कुलदेव सिंह, सीओ मोहसिन खान व गोंडा थाना प्रभारी संदीप कुमार ने फोर्स के साथ छापा मारा। एसडीएम के अनुसार उसके घर से अवैध शराब बनाने से संबंधित सामग्री बरामद हुई है। रजिस्टर आदि भी जब्त किए गए हैं।
एसडीएम के अनुसार जहरीली शराब बनाने के मास्टर माइंड अनिल चौधरी के थाना गोंडा क्षेत्र के गांव धारा की गढ़ी स्थित घर पर छापा मारा गया। जनपद में जहरीली शराब से हुई मौत के सभी आरोपियों के घर पर सर्च का आदेश है। शराब माफिया अनिल चौधरी अलीगढ़ शहर के स्वर्ण जयंती नगर में रहता था। गांव में नहीं रहता था। उसके माता-पिता गांव में रह रहे थे। वह भी यहां से चले गए हैं। इससे पहले शराब माफिया के शीतगृह में भी छापा मारा गया था। अवैध रूप से शीतगृह संचालन पर उद्यान विभाग से उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है।