उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह ने कहा है कि बरौली विधान सभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी ठाकुर जयवीर सिंह के लिए चुनाव प्रचार नहीं करेंगे।
रघुराज सिंह के बयान के बाद राजनीतिक गलियारे में चर्चा का बाजार गरम है। रघुराज सिंह स्वयं बरौली विधान सभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे। पार्टी द्वारा पूर्व कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को मैदान में उतारा गया है। इससे वह खफा हैं। उनका कहना है कि 2017 में दल बदलकर भाजपा में आए ठाकुर दलवीर सिंह को प्रत्याशी बनाया गया और वह विधायक बने। इस बार बसपा छोड़कर आए ठाकुर जयवीर सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। अवसरवादी लोगों को टिकट मिलने से कार्यकर्ता निराश हैं। इससे तो कार्यकर्ता मर जाएंगे। उन्होंने कभी पार्टी नहीं बदली।
समर्पित भाव से पार्टी के लिए कार्य किया। वह मूलरूप से बरौली विधानक्षेत्र के गभाना के रहने वाले हैं। बरौली मेरा विधान सभा सीट है। पार्टी बाहर से आए लोगों को टिकट दे रही है। इसलिए बरौली विधान सभा क्षेत्र में जयवीर सिंह के लिए चुनाव प्रचार नहीं करूंगा। बाकी छह विधान सभा क्षेत्रों में पार्टी के प्रत्याशियों के लिए काम करूंगा।
जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि रघुराज सिंह भाजपा के वरिष्ठ एवं निष्ठावान कार्यकर्ता है। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष हैं। वह जिलाध्यक्ष एवं कई जिलों के प्रभारी रहे हैं। अभी पूरी बात मालूम नहीं हैं। मेरे बड़े भाई के समान हैं। उनसे बात करूंगा।