कोरोना टीका को लेकर चल रही बयानबाजी में उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं अन्य कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष ठाकुर रघुराज सिंह भी कूद गए हैं। उन्होंने सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ही सपा के एमएलसी आशुतोष सिन्हा पर निशाना साधा है। अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं रघुराज सिंह।
मीडिया में खबर आ रही है कि उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव पहले बयान दे चुके हैं कि भाजपा पर भरोसा नहीं है। कोरोना टीका नहीं लगवाएंगे। रघुराज ने इसके जवाब में कहा है कि अखिलेश यादव का बयान हास्यास्पद है। उन्होंने विदेश में शिक्षा प्राप्त की है लेकिन बात बिना पढ़े-लिखे की तरह कर रहे हैं। एक खास वर्ग को लुभाने के लिए बयान दिया है।
रघुराज ने एमएलसी आशुतोष सिन्हा को भी आड़े हाथ लिया है। सवाल उठाया है कि कोई ऐसी वैक्सीन होती है क्या जो किसी को नपुंसक बना दे। देश के वैज्ञानिकों ने वैक्सीन बनाई है। दुनिया वैज्ञानिकों की तारीफ कर रही है।