अलीगढ़ के किशनपुर निवासी रचित जादौन ने फिर एक बार अपनी टैटू कला का लोहा मनवाया है, इंडिया के टॉप 10 टैटू आर्टिस्ट की लिस्ट में जगह बना ली है। इससे पहले रचित ने हार्वर्ड वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दो घंटा 43 मिनट में रियलिस्टिक स्केच बनाकर दुनिया में सबसे तेज टैटू आर्टिस्ट बन कर सभी को हैरान कर दिया था।
टैटू आर्टिस्ट रचित जादौन का नाम vellye नामक साइट द्वारा जारी इंडिया के टॉप 10 टैटू आर्टिस्ट की लिस्ट में रखा गया है। इस लिस्ट में रचित जादौन का नाम 8वें स्थान पर है। लिस्ट में पहले स्थान पर सन्नी भानुशाली, दूसरे पर लोकेश वर्मा, तीसरे पर एरिक डी सूजा, चौथे स्थान पर अल्लान गोइस, पांचवे पर समीर पतानजी, छठवें पर अर्चना भानुशाली, आठवें पर अलीगढ़ के रचित जादौन, नवें पर जैसी वेर्वी और दसवें स्थान पर साखी पंवार हैं।
रचित जादौन ने अमर उजाला को बताया कि सात साल की उम्र से टैटू बनाना सीखा। टैटू आर्टिस्ट बनने के लिए वह रोजाना 5-6 घंटे अभ्यास करते हैं। वर्ष 2018 में अलीगढ़ में एक स्टूडियो में ज्वाइन किया था। वर्ष 2020 में टैटू प्रशिक्षण के लिए मुंबई चले गए। मुंबई के एक निजी स्टूडियो में काम सीखने के मकसद से ट्रेनी बन गए, जहां क्रिकेटर विराट कोहली समेत कई हस्तियों के टैटू बनाए जाते हैं। साथ ही फ्रीलांस टैटू आर्टिस्ट का काम भी करते रहे।
वर्ष 2021 में कोरोना की दूसरी लहर में वह मुंबई से अलीगढ़ वापस आ गए। रचित ने क्रिकेटर निखिल गंगटा, आईपीएल प्लेयर प्रियम गर्ग, पारस डोगरा, रिंकू सिंह, गायक जावेद अली आदि के टैटू बनाए हैं। रचित ने अपने सपनों के बारे में बताया कि दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई व गोवा में खुद का स्टूडियो खोलने हैं, लेकिन पहला टैटू स्टूडियो अलीगढ़ में ही खोलना है।