रसोई गैस सिलिंडरों को लेकर मारामारी थम नहीं रही है। शुक्रवार को ग्रामीण अंचल में गैस बुकिंग नियमों में बदलाव की अफवाह से उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी की स्थित हो गई। गैस एजेंसियों पर सुबह से ही लोगों की कतार लग गई। इसे संभालने में गैस एजेंसी के कर्मचारियों के साथ पुलिसकर्मियों का
भी पसीना छूट गया।
कस्बा स्थित भारत गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेकर सुबह करीब आठ बजे से लाइन में लगे उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस बुकिंग के नियम बेहद सख्त होने वाले हैं और अब सिलिंडर मिलना और मुश्किल हो जाएगा। इसी डर के कारण वह यहां आकर लाइन में लगे हैं। उपभोक्ताओं ने परेशानी साझा करते हुए बताया कि वह मोबाइल के जरिए सिलिंडर बुक करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। लाइन में लगने को लेकर उपभोक्ताओं के बीच मारामारी के हालात के बीच नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने में कर्मचारियों के साथ पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी।
बह छह बजे से गैस एजेंसियों पर सिलिंडर लेकर पहुंचे
खैर में भी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की सुबह छह बजे से कतारें लग गईं, जिन उपभोक्ताओं के घरों में पहले से गैस उपलब्ध है, वे भी अतिरिक्त सिलेंडर स्टॉक करने के उद्देश्य से एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते खैर कस्बे में स्थित इंडेन गैस और भारत गैस एजेंसियों पर सुबह से ही भीड़ देखने को मिल रही है। इस संबंध में गैस एजेंसी के क्लर्क वीरपाल सिंह ने बताया कि एजेंसी पर घरेलू गैस की आपूर्ति पहले की तरह नियमित रूप से हो रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अफवाहों के चलते अचानक उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ गई है, जिससे एजेंसी खुलने से पहले ही लंबी कतार लग जाती है और वितरण व्यवस्था थोड़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि अगले 8 से 10 दिनों में गैस सप्लाई का सामान्य रूटीन पूरी तरह सुचारू हो जाएगा।
कालाबाजारी का आरोप
वहीं समाजसेवी अतुल गोयल ने आरोप लगाया कि कुछ लोग गैस सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहे हैं और करीब 1500 रुपये तक में बेच रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
खैर तहसील क्षेत्र में छह एजेंसियां हैं। निरीक्षण के दौरान सभी पर प्रयुक्त मात्रा में भंडारण है, जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग नहीं है, वह व्यर्थ में लाइन मेंलगें। बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को हर हाल में गैस दी जा रही है। कालाबाजारी की सूचना पर क्रेता और विक्रेता दोनों पर कार्रवाई की जाएगी। शिशिर कुमार सिंह, एसडीएम खैर