एएमयू के स्कूलों में प्रधानाचार्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। अभ्यर्थियों ने कुलपति प्रो. नईमा खातून और शिक्षा मंत्रालय में पत्र भेजकर आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। अभ्यर्थी ने 16 नवंबर को हुई जनरल सेलेक्शन कमेटी (जीएससी) की प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए सभी अभ्यर्थियों की पात्रता की नए सिरे से जांच कराने की मांग की है।
अभ्यर्थियों ने दावा किया है कि निर्धारित योग्यता से संबंधित दस्तावेज जमा करने के बावजूद उनकी उम्मीदवारी खारिज कर दी गई और अभ्यावेदन देने के बाद भी उन्हें साक्षात्कार के लिए प्रोविजनल कॉल लेटर तक जारी नहीं किया गया। वहीं कुछ अन्य अभ्यर्थियों की पात्रता पर सवाल उठाते हुए उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाए जाने पर आपत्ति जताई गई है।
एक अभ्यर्थी की नियुक्ति, पदनाम और वेतनमान के आधार पर निर्धारित अनुभव संबंधी पात्रता पर सवाल उठाए गए हैं। इसके अलावा एक अभ्यर्थी की प्रधानाचार्य पद पर कार्यावधि समाप्त होने के बाद उनकी पात्रता और एएमयू कर्मचारी के रूप में आयु छूट के लाभ पर भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। अभ्यर्थी ने केवीएस भर्ती नियमों और एएमयू के भर्ती विज्ञापन का हवाला देते हुए अनुभव तथा वेतनमान के मानकों की जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में एएमयू स्कूल की डायरेक्टर प्रो. कुदसिया तहसीन ने बताया कि इस प्रकरण में कोई टिप्पणी नहीं कर सकती हैं।