विरोध प्रदर्शन करते भारतीय किसान सेना के कार्यकर्ता
- फोटो : स्वयं
सड़क और बिजली की समस्या पर 26 जून को भारतीय किसान सेना के कार्यकर्ताओं ने तेहरा मोड़ पर धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर दो बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक यह धरना-प्रदर्शन चलता रहा। इस दौरान कासगंज-अलीगढ़ मार्ग पर जाम लगाने की भी संगठन के कार्यकर्ताओं ने कोशिश की लेकिन पुलिस ने समझाकर जाम नहीं लगाने दिया।
भारतीय किसान सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवनीत पवार ने कहा कि 20 साल से तेहरा से गोपी गांव का मार्ग बदतर हालत में है। दशकों से ग्रामीण विधायक, सांसद सहित अधिकारियों से इस सड़क को बनवाने की मांग करते आ रहे हैं। कहा कि तीन दिन के अंदर सड़क निर्माण पर निर्णय नहीं लिया जाता तो संगठन आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। साथ ही बिजली की अघोषित कटौती और छुट्टा गोवंश की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
उन्होंने नायब तहसीलदार कोल व गंगीरी इंस्पेक्टर को ज्ञापन दिया।इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र यादव, अनिल यादव, तारा रानी, पूर्व प्रधान राकेश यादव, पूर्व प्रधान राजशेखर सेंगर, छत्रपाल सिंह लोधी, मो. शमी, मो. आरिफ खां, राहुल, गौरव कुमार, आकिल खां, अर्पित कुमार, लोकेश कुमार मौजूद रहे।