स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से बात करतीं एसडीएम महिमा राजपूत
- फोटो : संवाद
ब्लाक गोंडा क्षेत्र के गांवों में संचालित स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने 24 जनवरी को तहसील के सामने संचालित पंजीरी प्लांट में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। समूहों द्वारा पंजीरी प्लांट में दी गई पूंजी लौटाने की मांग की।
स्वयं सहायता समूहों द्वारा सामूहिक रूप से पूंजी जमा करके तहसील के सामने पंजीरी बनाने का प्लांट लगाया गया है। इस प्लांट को लेकर ब्लॉक गोंडा के गांवों में संचालित समूह की सदस्यों ने तहसील में प्रदर्शन किया। कहा कि तीस-तीस हजार रुपये की धनराशि 170 समूहों से एकत्रित करके 51 लाख रुपये की धनराशि पंजीरी प्लांट चलाने के लिए दी गई।
दो वर्ष बीत जाने के बाद भी समूह की सदस्यों को न तो इस प्लांट में रोजगार दिया गया और न ही समूहों की धनराशि लौटाई गई। पंजीरी प्लांट से चोरी होने का भी आरोप लगाया गया। ग्राम पंचायत कैमथल की समूह सखी कुसुमलता का कहना है कि पंजीरी प्लांट की जांच करके कार्रवाई की जाए। एसडीएम महिमा राजपूत को ज्ञापन भी दिया गया।