भाजपा प्रदेश मंत्री अमित वाल्मीकि के काफिले पर हमले के विरोध में रविवार को भाजपा अनुसूचित मोर्चा के महानगर अध्यक्ष संदेश राज के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। भाजपाइयों ने कहा कि अगर हमलावरों के खिलाफ जल्द ही मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन होगा। भाजपाइयों ने राकेश टिकैत की सांकेतिक अर्थी निकाल कर रामलीला मैदान के बाहर प्रदर्शन किया।
संदेश राज ने कहा कि प्रदेश मंत्री बनने के बाद अपने गृह जनपद बुलंदशहर जाते समय अमित वाल्मीकि के काफिले पर उत्तर प्रदेश दिल्ली बॉर्डर पर हमला हुआ था। जिसका आरोप राकेश टिकैत व उनके समर्थकों पर है। इसमें 25 से 30 गाड़ियां क्षतिग्रस्त की गई। संदेशराज वाल्मीकि ने कहा कि राकेश टिकैत की ऐसी गुंडागर्दी वाल्मीकि समाज कतई नहीं करेगा, क्योंकि वास्तविक किसान अपने खेतों में कार्य में जुटा हुआ है। जनता को अन्न, फल और सब्जियां मुहैया करा रहा है। इससे उल्ट टिकैत के समर्थक अराजक तत्व पश्चिम बंगाल में एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार के आरोपी हैं।
लाल किले पर तिरंगे को उतारकर अपमानित करने के दोषी हैं। टिकैत गुट उत्तर प्रदेश दिल्ली बॉर्डर पर किसान विरोधी आंदोलन चला रहे हैं। जब तक राकेश टिकैत, अमित वाल्मिक से सामूहिक माफी नहीं मांगते हैं। हमलावरों पर मुकदमा दर्ज नहीं होता है। तब तक अलीगढ़ के साथ पूरे प्रदेश में आंदोलन जारी रहेगा। यहां पर सोनू कुमार, धीरज चौहान वाल्मीकि, प्रदीप वाल्मीकि, सनी कुंज वाल्मीकि, राज कमल सोनकर, सुरेश कुमार, अमित देव चौहान, बादल वाल्मीकि, अजय सिंह, राकेश सहाय, राहुल वाल्मीकि, चंदन वाल्मीकि आदि लोग उपस्थित रहे।