बेतहाशा विद्युत कटौती, जर्जर विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर के विरोध में रजा नगर के लोगों का आक्रोश सतह पर आ गया। उन्होंने शुक्रवार को सड़क जाम कर विद्युत विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। समस्या की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के युवा नेता मोहम्मद उस्मान खान, महानगर उपाध्यक्ष व पूर्व पार्षद यामीन खान अब्बासी के साथ तत्काल रजा नगर पहुंचे। उन्होंने तत्काल अधिशासी अभियंता विद्युत तथा क्षेत्रीय अवर अभियंता से वार्ता कर विद्युत को सुचारु कराया। लोगों ने भीषण गर्मी में पीने के पानी की समस्या की जानकारी दी।
उन्होंने तुरंत जलकल अभियंता नगर निगम से वार्ता कर पानी के टैंकर भिजवाने को कहा। उस्मान खान ने बताया कि रजा नगर में दो ट्रांसफार्मरों की जरूरत है। इसके लिए उन्होंने अवर अभियंता से बात की है। अवर अभियंता ने एक हफ्ते में ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक हफ्ते में ट्रांसफार्मर की व्यवस्था नहीं की गई तो अलीनगर सब स्टेशन का घेराव किया जाएगा। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के युवा नेता मोहम्मद आसिफ खान, फरीद हसन, चमन खान, मोहम्मद शोएब आदि मौजूद रहे।