क्षेत्र के गांव दरगवां के विद्युत उपकेंद्र पर कई गांवों के किसानों ने उपकेंद्र पर जेई की तैनाती व बिजली कटौती को लेकर प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि उपकेंद्र पर जेई मेघनाथ सिंह की तैनाती थी। लेकिन पिछले कई दिन से जेई उपकेंद्र पर नहीं आ रहे हैं। जेई की अनुपस्थिति में संविदा कर्मी किसानों को परेशान कर रहे हैं।
किसानों ने कहा कि उन्हें इस समय बिजली की अत्यधिक आवश्यकता है। खेतों में धान रोपाई व अन्य फसलों को पानी की जरूरत है। लेकिन उपकेंद्र से बिजली कटौती की जा रही है। किसानों की मांग है कि अगर जेई को अन्य किसी स्थान पर भेज दिया गया है तो तत्काल पुनः उपकेंद्र पर तैनात किया जाए। जेई की तैनाती को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुभाष चंद्र उर्फ बोसी, सचिव खेमचंद अग्रवाल ने भी जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। व्यापारियों का कहना है कि अच्छा कार्य करने वालों विभाग द्वारा इधर-उधर भेज दिया जाता है। जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग परेशान हैं। इस मौके पर गौरव कुमार, रमन कुमार, सुंदर सिंह, अमित शर्मा, दीपू शर्मा, राहुल कुमार, रजत शर्मा, होशियार सिंह, गुड्डू सिंह, राजीव कुमार, सुनील कुमार आदि लोग मौजूद थे।