तुर्कमान गेट स्थित कादरी लॉज के पास गंदे पानी को दिखाते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
तुर्कमानगेट पर कादरी लॉज के पास दूषित पानी की आपूर्ति से आक्रोशित लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि कई दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। इसकी वजह से रमजान में वजू, इफ्तार व सहरी करने में भी दिक्कत हो रही है।
कादरी लॉज के पास दूषित जल की आपूर्ति से करीब 300 परिवार प्रभावित हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में कई दिनों से दूषित पानी की आपूर्ति की जा रही है। आक्रोशित लोगों ने रविवार को बाल्टी एवं बर्तन लेकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिला व बच्चे भी शामिल थे। स्थानीय निवासी मो. सालिम ने बताया कि रमजान का महीना चल रहा है। कई दिनों से दूषित जल की आपूर्ति हो रही है। इससे वजू, इफ्तार एवं सहरी करने में दिक्कत हो रही है। नगर निगम में कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। महाप्रबंधक जल अनवर ख्वाजा ने बताया कि तुर्कमानगेट से दूषित जल की आपूर्ति से संबंधित शिकायत आई है। कल सुबह में लाइन चेक कराएंगे। शाम तक समस्या का समाधान होने की उम्मीद है।