एक अगस्त से जिले में जमीन खरीदना और भी महंगा हो जाएगा। इसके लिए सर्किल रेट के प्रस्ताव और आपत्तियों पर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में मंथन होगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट ने बताया कि जिले की पांचों तहसीलों के एसडीएम, सब रजिस्ट्रार, यूपीसीडा, एडीए एवं निकायों से जुड़े अधिकारियों ने सर्वे पूरा कराके रिपोर्ट जिला मुख्यालय पर उपलब्ध करा दी है।
करीब पांच साल से जिले में सर्किल रेट नहीं बढ़ाए गए थे। वर्ष 2017 में ही सर्किल रेट बढ़ाए गए थे। एडीएम वित्त के अनुसार नए सर्किल रेट को लेकर सात आपत्तियां मिली हैं। ओजोन सिटी के सीएमडी की ओर से आपत्ति दर्ज करायी गई है। जिसमें उन्होंने सर्किल रेट की दरों को कम करने की मांग की गई है। प्रशासन ने सबसे अधिक ओजोन सिटी और सांगवान सिटी इलाके में करीब 35 फीसद तक बढोत्तरी का प्रस्ताव रखा है। तहसील खैर क्षेत्र में डिफेंस कॉरिडोर एवं राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के निर्माण के चलते जमीन कीमती हो गई है। खैर रोड की जमीनों पर 20 से 25 फीसदी की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव है। देहात के अन्य क्षेत्रों में भी 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी प्रस्तावित की गई है। उन्होंने बताया कि आपत्तियों और सुझावों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक में मंथन होगा । जिसमें सर्किल रेट कम या ज्यादा करने के बारे में डीएम ही अंतिम निर्णय लेंगे।