अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग के प्रसिद्ध चिकित्सक और व्याख्याता प्रोफेसर मुहम्मद शोएब जहीर का नई दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। एएमयू के जनसंपर्क अधिकारी उमर सलीम पीरजादा ने बताया कि दिल्ली के अस्पताल में उनका पिछले 20 दिनों से इलाज चल रहा था। वह 55 वर्ष के थे। सांस लेने की समस्या के चलते उन्हें पहले जेएन मेडिकल कॉलेज और बाद में दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
एएमयू के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने कहा कि प्रोफेसर शोएब जहीर एक गंभीर व सक्षम डॉक्टर और शोधकर्ता थे। उनकी मृत्यु से हमने एक महान चिकित्सक और लोकप्रिय शिक्षक खो दिया है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।
मेडिसिन संकाय के डीन प्रोफेसर राकेश भार्गव ने कहा कि प्रोफेसर शोएब हमेशा अपने रोगियों पर पूरा ध्यान देते थे और उनकी चिंता करते थे। जेएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल और सीएमएस, प्रोफेसर शाहिद अली सिद्दीकी ने कहा कि युवा शिक्षकों और छात्रों ने प्रोफेसर शोएब जहीर के मार्गदर्शन में बहुत कुछ सीखा और उसका पूरा उपयोग किया। वे हमेशा याद रहेंगे।
1992 में जेएन मेडिकल कॉलेज में शुरू की थीं सेवाएं
प्रोफेसर शोएब जहीर ने 1992 में जेएन मेडिकल कॉलेज में व्याख्याता के रूप सेवा प्रांरभ की और बाद में एसोसिएट प्रोफेसर व प्रोफेसर बन गए। उन्होंने 1988 में एमबीबीएस और 1991 में एमडी किया था। उन्होंने अपनी विशिष्टता के क्षेत्र में उच्च स्तरीय पत्रिकाओं में लेख प्रकाशित किए और चिकित्सा सम्मेलनों में भाग लिया।
जेएन मेडिकल कालेज के अलावा, प्रोफेसर शोएब जहीर ने किंग खालिद विश्वविद्यालय, सऊदी अरब और दीवान आफ रायल कोर्ट, मस्कट में भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शोएब जहीर के पिता डॉ. मोहम्मद जहीर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल रहे, उनका 8 महीने पहले ही इंतकाल हुआ था।