महानगर के देहली गेट इलाके में शाहपुर कुतुब स्थित बाईपास के पास एक निजी कंपनी में सेवारत अफसरों से दो दिन पूर्व बदमाशों ने 90 हजार रुपये व लैपटॉप, पर्स, मोबाइल आदि लूट लिए। इस घटना में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सासनीगेट क्षेत्र के कल्याणपुरम निवासी अरुण वार्ष्णेय हैदराबाद की टॉपी-चाकलेट बनाने वाली कंपनी में आरएसएम के पद पर हैं। वह कंपनी के ही एटा चुंगी निवासी साथी पवन के साथ मंगलवार देर रात कार में सवार होकर कंपनी के काम से बागपत से लौट रहे थे।
करीब नौ बजे उन्होंने लघुशंका के लिए शाहपुर कुतुब पर गाड़ी रोकी। तभी काली पल्सर सवार तीन मुंह बांधे बदमाशों ने तमंचे दिखाकर उन्हें घेर लिया और गाड़ी व जेबों की तलाशी लेकर पर्स, 90 हजार रुपयों से भरा बैग व लैपटॉप लूट लिया। जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।