सीएम ग्रिड योजना के तहत लाइन शिफ्टिंग का कार्य चल रहा था। इस दौरान कर्मचारी को एलटी लाइन पर कार्य करना था, जिसके लिए शटडाउन भी लिया गया था। लेकिन कर्मचारी गलती से एलटी लाइन के बजाय 11 केवी लाइन पर चढ़ गया।लाइन चालू होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया।
अलीगढ़ के थाना देहलीगेट क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत चल रहे बिजली लाइन शिफ्टिंग के कार्य के दौरान एक निजी कंपनी का कर्मचारी 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। घटना रविवार सुबह रेलवे रोड तांगा स्टैंड के पास हुई। घायल कर्मचारी को क्वार्सी स्थित एक निजी ट्रॉमा केंद्र में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
पीपीएस कंपनी द्वारा रेलवे रोड पर लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे कर्मचारी एलटी लाइन पर बिजली बंद करके काम कर रहे थे। थाना गभाना क्षेत्र के भरतरी गांव निवासी 26 वर्षीय श्यामवीर भी इन कर्मचारियों में शामिल थे। केबल खींचने के दौरान श्यामवीर किसी तरह पास से गुजर रही 11 केवी लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गए और बिजली के खंभे से नीचे गिर गए। हादसे में श्यामवीर के सिर, पीठ और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं। अन्य कर्मचारी श्यामवीर को क्वार्सी स्थित निजी ट्रॉमा अस्पताल ले गए।
बारहद्वारी विद्युत उपखंड के उपखंड अधिकारी संदीप कुमार सागर ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारी को एलटी लाइन पर काम करना था। इसके लिए बिजली आपूर्ति भी बंद की गई थी। लेकिन कर्मचारी गलती से एलटी लाइन के बजाय 11 केवी लाइन पर चढ़ गया। लाइन चालू होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
विज्ञापन
घायल कर्मचारी का उपचार संबंधित कंपनी के अधिकारियों की देखरेख में चल रहा है। ट्रॉमा केंद्र में उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है। इस घटना से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।