जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की पहली बैठक में मौजूद पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति की पहली बैठक में तय हुआ कि निजी एंबुलेंस सेवाओं की दरें निर्धारित की जाएंगी। पोस्टमार्टम हाउस पर सरकारी एंबुलेंस मौजूद रहेगी। बिना लाइसेंस चल रहे निजी ट्रॉमा सेंटर और मेडिकल स्टोर की सघन जांच अभियान के लिए अभियान चलाया जाएगा।
बरौली विधायक ठाकुर जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए अधिकारियों से कहा।
अधिकारियों ने बताया कि एनआरएलएम के तहत 2.75 लाख महिलाओं को जोड़कर जिले में 16 हजार नए समूह गठित किए गए हैं। समिति ने निर्णय लिया कि अधिक छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का संचालन अब इन समूहों के माध्यम से कराया जाएगा। मनरेगा में 50 दिन का काम पूरा करने वाले श्रमिकों का श्रम विभाग में अनिवार्य पंजीकरण कराया जाए ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता और जलभराव से मुक्ति के लिए इंटरलॉकिंग व सीसी रोड पर बल दिया गया। जिले की 852 ग्राम पंचायतों में से 41 निष्क्रिय शौचालयों को तुरंत शुरू कराने और जिन गांवों में सफाई कर्मी नहीं हैं, वहां रोस्टर प्रणाली से तैनाती करने के लिए कहा। वहीं 106 गो आश्रय स्थलों में संरक्षित 29 हजार गोवंश की देखभाल करने और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए भी जनप्रतिनिधियों ने कहा।
संचालन मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार ने किया। एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. तारिक मंसूर, विधायक अनिल पाराशर, ठा. रवेंद्र पाल सिंह, राजकुमार सहयोगी, सुरेंद्र दिलेर के साथ ही ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य मौजूद रहे।