नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव
- फोटो : सूचना विभाग
नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने 17 दिसंबर को अलीगढ़ में खैर तहसील के हसनपुर जरैलिया गांव में जल जीवन मिशन की योजना का निरीक्षण किया । इस दौरान जरैलिया गांव के निवासी वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी प्रताप सिंह, जल निगम (ग्रामीण) के एमडी डॉ. बलकार सिंह, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, सीडीओ आकांक्षा राना, जल निगम के चीफ इंजीनियर, अधिशासी अभियंता समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे ।
प्रमुख सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने जरैलिया गांव के लोगों को आश्वस्त किया कि अब उनके गांव में पानी की समस्या कभी नहीं होगी । सरकार शुद्ध पानी देने के लिए संकल्पित है । बहुत सारे गांव में पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। जिन गांव में खारे पानी की समस्या है वहां लगातार कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है । दिसंबर 2024 तक हर घर को शुद्ध पीने के पानी की आपूर्ति देने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। प्रमुख सचिव कंपोजिट विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए ।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव, नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव ने जल निगम के चीफ इंजीनियर और अधिशासी अभियंता को जमकर फटकार लगाई । कहा कि योजना के कार्य की प्रगति धीमी रही तो अधिकारियों की खैर नहीं । उन्होंने एक-एक कर एजेंसियों की रिपोर्ट ली । कार्य की धीमी प्रगति को देखते हुए चेतावनी दी कि हालात अगर जल्द नहीं सुधरे तो एफआईआर और जेल जाने के लिए तैयार रहें । उन्होंने काटी गई सड़कों को पुराने स्वरूप में लौटाने के निर्देश दिए।