प्राथमिक विद्यालय गंगौली के प्रधानाध्यापक ने अपने ही विद्यालय में तैनात शिक्षामित्र और उसके पति पर मारपीट करने व धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में कोतवाली सदर में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है।
प्रधानाध्यपक हेमंत कटारा से मारपीट की जानकारी होते ही सभी शिक्षक चिकित्सा अवकाश लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए। कोतवाली सदर में शैक्षिक संघ के पदाधिकारी भी पहुंच गए। इन पदाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मुकदमा दर्ज किया गया। इधर, पदाधिकारियों ने बीएसए से इस शिक्षामित्र को मूल विद्यालय में तैनाती दिए जाने की मांग की है।
प्रधानाध्यापक हेमंत कटारा ने मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा है कि शनिवार को सुबह करीब 7.45 वह अपने स्कूल जा रहे थे। चामड़ गेट चौराहे के नजदीक राधिक ज्वेलर्स के सामने उनके स्कूल में तैनात शिक्षामित्र व उनके पति ने उन्हें रोक लिया। शिक्षामित्र के पति ने कहा कि उनकी पत्नी से कुछ मत कहना, चाहे वह कितने भी बकजे स्कूल आए। हेमंत ने कहा कि इसका विरोध करने पर उन्हें पीटा और उनके साथ गाली-गलौज की। उन्होंने शोर मचाया तो घटनस्थल पर काफी लोग आ गए और बीच बचाव कर उन्हें बचाया।
हेमंत का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें धमकी दी कि अगर उन्होेंने पुलिस से शिकायत की तो पत्नी से छेड़खानी के मुकदमे में फंसा देगा। इस मामले में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने बीएसए स्वाति भरती को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा गया है कि पूर्व में भी विद्यालय के अन्य स्टाफ के साथ अभद्रता की गई है और संगीन आरोप लगाए गए। सदर कोतवाली निरीक्षक गिरीश गौतम ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।