पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय (एल-2) में ओपीडी व इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। अस्पताल के प्रथम तल पर स्थित आईसीयू को द्वितीय तल पर ले जाने की योजना है। इस संबंध में डीजी हेल्थ ने सीएमओ से बात की है।
कोरोना काल के बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय को कोविड-19 अस्पताल में परिवर्तित कर दिया गया। इसकी क्षमता 100 बेड से बढ़कर 335 तक कर दी गई। वर्तमान में अस्पताल में 43 संक्रमित मरीज भर्ती हैं। कोरोना संक्रमण का मामला घटने के बाद अलीगढ़ से लेकर लखनऊ तक के अधिकारी यहां पर ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवा शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। आम मरीजों के लिए दीनदयाल अस्पताल के दरवाजे बंद होने से मलखान सिंह जिला अस्पताल पर दबाव बढ़ गया है।
आईसीयू को द्वितीय तल पर शिफ्ट करने की तैयारी
कोविड मरीजों का आईसीयू प्रथम तल पर है। उसे द्वितीय तल पर शिफ्ट करने की तैयारी है। द्वितीय तल पर 36-36 बेड के तीन वार्ड हैं। एक वीआईपी वार्ड है, जिसमें आईसीयू शिफ्ट करने की योजना है। कोविड अस्पताल द्वितीय तल पर शिफ्ट होने से भूतल पर ओपीडी शुरू की जाएगी। इमरजेंसी में आए गंभीर मरीजों को भूतल एवं प्रथम तल के वार्ड में रखा जाएगा। कोविड मरीजों के वार्ड में आने-जाने के लिए अलग रास्ता है। उस रास्ते का उपयोग ओपीडी एवं इमरजेंसी में आने-जाने वाले लोग नहीं करेंगे।
डीजी हेल्थ से फोन पर बातचीत हुई है। पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय में ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवाएं शुरू करने पर विचार चल रहा है। सब कुछ ठीक रहा तो फरवरी अंत तक सेवा शुरू किया जा सकता है। - डॉ. बीपी सिंह कल्याणी, सीएमओ