जनसभा को संबोधित करते योगी। संवाद
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के निरीक्षण और अधिकारियों संग चर्चा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द तैयारियां पूरी कर लें। 15 जुलाई के बाद कभी भी पीएम का अलीगढ़ दौरा तय हो सकता है। वे यहां आरएमपीयू के साथ-साथ स्मार्ट सिटी से बने इंडोर स्टेडियम, क्वार्सी ओवरब्रिज आदि परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। पीएम के इसी दौरे के प्री ट्रायल के लिए खुद वे यहां आए थे।
यूपी विधानसभा चुनाव से ऐन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों आरएमपीयू का लोकार्पण कराया जाना है। इसके लिए पीएमओ से जुलाई के अंत तक कार्यक्रम तय करने के संकेत मिले हैं। इसी के मद्देनजर तैयारियों व व्यवस्थाओं का जायजा लेने सोमवार को सीएम अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। जुलाई के अंतिम सप्ताह तक कोई भी तारीख मिलेगी।
उसी दौरान पीएम के हाथों से नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज में स्मार्ट सिटी के तहत बने ओलंपिक स्तर के इंडोर स्टेडियम व रामघाट रोड के क्वार्सी ओवरब्रिज का लोकार्पण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी इशारा दिया है कि जैसे ही पीएमओ से अलीगढ़ दौरे की तारीख मिलेगी, वे फिर एक बार अलीगढ़ आकर तैयारियों को देखेंगे।
बता दें कि आरएमपीयू की आधारशिला भी पीएम मोदी ने ही सितंबर 2021 में रखी थी। इस बार वे चुनाव से ऐन पहले यहां आकर फिर अलीगढ़ ब्रज मंडल के लिए कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।