खैर विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को होने वाले मतदान से पूर्व राजनीतिक दलों की उपस्थिति में ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का द्वितीय रेंडमाइजेशन कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी में दो नवंबर को दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज कुमार ने बताया कि निर्वाचन के लिए ईवीएम-वीवीपैट का साॅफ्टवेयर के माध्यम से द्वितीय रेंडमाइजेशन होगा। इसके बाद ईवीएम कमीशनिंग व सीलिंग का कार्य रिटर्निंग व सहायक रिटर्निंग अफस्र द्वारा चार नवंबर को प्रातः 10 बजे से कृषि उत्पादन मंडी समिति धनीपुर में क्षेत्रवार मतदेय कक्षों में किया जाएगा। एसडीएम खैर को निर्देशित किया है कि ईवीएम मतपत्र कमीशनिंग व सीलिंग कार्य के लिए जीपीएसयुक्त तीन भारी वाहन, अधिकारी व स्टाफ की डयूटी लगाई गई है।
खैर विधानसभा के विद्यालयों को किया अधिग्रहीत
जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी. ने खैर विधानसभा उपचुनाव को लेकर विद्यालयों को अधिग्रहीत करने का निर्देश दिया है। विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों से परिसर में साफ-सफाई एवं बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित कराने के लिए कहा है। डीएम ने बताया है कि खैर विधानसभा उपचुनाव के लिए पुलिस विभाग द्वारा स्कूल व कॉलेज चिन्हित किए गए हैं। उनके प्रधानाचार्य व प्रबंधक विद्युत, फर्नीचर व साफ-सफाई की व्यवस्थाएं पूर्ण कराते हुए नोडल अधिकारी यातायात पुलिस अधीक्षक को सूचना दे दें, ताकि समय से पुलिस को वहां पर ठहराया जा सके।