शाम को ब्रीफ बैठक हुई, जिसमें तय हुआ कि आयोजन स्थल को पूरी तरह नो फ्लाई जोन रखा जाए, जिसमें ड्रोन उड़ाने तक पर पाबंदी रहेगी। तय हुआ कि उसी दिन श्रावण मास का सोमवार है। कांवडि़यों को दिक्कत न हो, इसकाे लेकर यातायात व्यवस्थित रखा जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले लोगों और उनकी वापसी के समय व्यवस्था न बिगड़े, इसको ध्यान में रखकर डायवर्जन आदि किए जाएंगे। सोमवार को नगर निगम क्षेत्र के सभी सीबीएसई, आईसीएसई व परिषदीय विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इस संबंध में डीएम की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
इस मौके पर सीडीओ आकांक्षा राना, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, सिटी मजिस्ट्रेट गौरव रंजन श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण पलाश बंसल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीन राज सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी आदि मौजूद रहे।
जिले के लिए यह गौरव की बात है कि गृह मंत्री, मुख्यमंत्री समेत अन्य अतिथि यहां आ रहे हैं। सभी के संयुक्त प्रयासों से इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। - इंद्र विक्रम सिंह, डीएम
कार्यक्रम के दिन नुमाइश मैदान व आसपास के क्षेत्र में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षा बल तैनात रहेगा। सभी अधिकारी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट को अच्छे से समझ लें। पुलिस एवं मजिस्ट्रेट एक दूसरे अधिकारियों से समन्वय कर काम करेंगे।- कलानिधि नैथानी, एसएसपी
इस आयोजन को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जिले के प्रभारी व गन्ना विकास मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण,पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, श्रम एवं सेवा योजन विभाग के राज्यमंत्री मनोहर लाल, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, उच्च शिक्षा विभाग की राज्यमंत्री रजनी तिवारी, उद्यान कृषि विपणन, कृषि विदेश बाजार एवं कृषि निर्यात के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह, वन, पर्यावरण, जंतु उद्योग एवं जलवायु परिर्वतन विभाग के राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सहकारिता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर समेत राज्य सरकार के अन्य कई मंत्री शामिल हैं।
आठ बड़ी पार्किंग हो रहीं तैयार, गनर रहेंगे बाहर
इस आयोजन को लेकर सभी वीवीआईपी के प्रोटोकॉल के अनुसार इंतजाम किए जा रहे हैं। इसलिए जनप्रतिनिधियों को अपने गनर बाहर रखने होंगे। किसी को किसी तरह के प्राणघातक हथियार या ज्वलनशील पदार्थ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। कुल आठ पार्किंग बड़े वाहनों के लिए और दोपहिया वाहनों के लिए अलग से पार्किंग बन रही हैं।
भगवा यात्रा के लिए तय की गईं जिम्मेदारियां
इस आयोजन से पहले शहर में सुबह भगवा यात्रा की सफलता के लिए एक टीम अलग से काम कर रही है। इसको लेकर मानव महाजन की मौजूदगी में बैठक हुई। जिसमें जिम्मेदारियां तय की गईं। भगवा यात्रा संयोजक संदेश राज, सोनू कुमार, कौशल लोधी, गौरव तिवारी, लोकेश वार्ष्णेय ने कहा कि 3000 मोटरसाइकिल द्वारा भगवा रैली का शुभारंभ राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान द्वारा किया जाएगा। यह रैली रामलीला मैदान से शुरू होकर आर्य समाज मंदिर, मदार गेट चौराहा, दुबे पड़ाव चौराहा, पुराना बस अड्डा होकर नुमाइश मैदान पर पहुंचेगी।
नेताओं-जनप्रतिनिधियों को सौंपी जा रहीं जिम्मेदारियां
इस आयोजन की सफलता को लेकर भाजपा संगठन व जनप्रतिनिधियों की बैठकों का दौर जारी है, जिसमें लोगों को समर्थकों को वाहनों से आयोजन स्थल तक लाने की जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। शनिवार को भी इस संबंध में रघुनाथ पैलेस में एक बैठक हुई। जिसमें सभी को अलग अलग जिम्मेदारियां दी गईं।
हिंदू गौरव दिवस पर वीवीआईपी आगमन को लेकर 10 एडिश्नल एसपी, 15 सीओ, 80 इंस्पेक्टर, 250 सब-इंस्पेक्टर, एक हजार हेड कांस्टेबल व सिपाही, दो कंपनी आरएएफ, चार कंपनी पीएसी, एलआइयू, अग्निशमन की टीम, वायरलेस व क्यूआरटी की टीमों को लगाया जा रहा है। इसके लिए जरूरतर के अनुसार फोर्स भी गैर जनपदों से मांगा गया है। तैनात किए जा रहे कुल फोर्स का नियतन तीन हजार से अधिक होगा।