कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर महावीरगंज बाजार में दुकानों में सजीं कान्हा की पोशाक।
- फोटो : CITY OFFICE
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाने में अब तीन चार दिन का समय शेष रह गया है। ये त्योहार 11 और 12 अगस्त को दो दिन मनाया जाएगा। आठ और नौ अगस्त को लॉकडाउन के कारण पोशाकों और श्रंगार की दुकाने बंद रहेंगी।
अब लोगों को 10 और 11 अगस्त को ही खरीददारी का मौका मिलेगा। इधर, शुक्रवार को इसी कारण से बाजारों में भीड़ रही। किराना, जनरल स्टोर, पोशाक, श्रृंगार, सजावट की दुकानों, कपड़ा आदि दुकानों पर भीड़ रही। मंदिरों के पोशाक, मुकुट और हार वस्त्र भी खूब खरीदे गए। विष्णुपुरी, रामघाट रोड, महावीरगंज, रेलवे रोड, दुबे का पड़ाव, आगरा रोड, मदारगेट, सराफा बाजार, बड़ा बाजार, अब्दुल करीम चौराहा, सराय हकीम आदि जगहों पर भीड़ रही। ग्रामीण इलाकों के दुकानदार भी अपनी खरीदारी करने पहुंचे थे, इसलिए भीड़ बढ़ गई। सर्वाधिक भीड़ पोशाक और वस्त्रों की दुकानों पर रही। लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित दुकान पर विक्रेता विकास माहेश्वरी ने बताया कि पिछले कई वर्षों के मुकाबले इस बार ग्राहक उतने नहीं हैं, लेकिन फिर भी काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार सस्ती और हल्की पोशाकें ज्यादा पसंद की जा रही है। वहीं डिजाइनर और भारी काम की पोशाकें मंदिरों के लिए जा रही हैं।
विकास ने बताया कि दो दिन का लॉकडाउन होने के कारण शुक्रवार को ग्राहक जरूरी खरीदारी करने पहुुंचे। इसलिए बाजारों में भीड़ दिख रही थी। अब सोमवार और मंगलवार को भी ऐसी ही भीड़ रहेगी।
--