अलीगढ़ - पलवल हाईवे पर प्रस्तावित डिफेंस कॉरिडोर के लिए नया बिजलीघर बनकर तैयार हो गया है। आज से यह बिजलीघर अपना काम शुरू कर देगा। यहां स्टाफ की तैनाती भी कर दी गई है। बृहस्पतिवार से यहां पहुंचकर उद्यमी नए विद्युत संयोजन आदि के आवेदन कर सकेंगे और विद्युत आपूर्ति आदि की देखरेख का जिम्मा भी इसी स्टाफ को रहेगा।
देश में रक्षा उत्पादों के निर्माण के लिए प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर स्थापित किया जा रहा है। जिसका एक हिस्सा अलीगढ़ में करसुआ - अंडला के मध्य विकसित हो रहा है। इसका शुभारंभ पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। उसके बाद से यहां सड़क निर्माण, बिजलीघर निर्माण सहित अन्य जरूरी संसाधन मुहैया कराने का काम तेजी से चल रहा है। देहात के अधीक्षण अभियंता राघवेंद्र सिंह के अनुसार यह 33 केवी बिजलीघर बनकर तैयार हो गया है और स्टाफ आदि की तैनाती भी कर दी गई है। यह बिजलीघर बृहस्पतिवार से अपना कामकाज शुरू कर देगा।