भीषण गर्मी और उमस में शनिवार को कई घंटे बिजली नहीं आने से भड़के कटरा मलोई और गांगरौल के किसान विजयगढ़ बिजलीघर पहुंचे और नारेबाजी करते हुए ताला जड़ दिया। किसानों ने कहा कि जब तक उनके गांव की बिजली नहीं आएगी, तब तक कहीं और भी आपूर्ति नहीं होने देंगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद ताला खुलवाया। शुक्रवार को भी रात भर बिजली नहीं आई थी, शनिवार को भी संकट होने से किसान भड़क गए थे।
किसान शनिवार रात आठ बजे बिजलीघर पर पहुंचे। उन्होंने एसएसओ रामशरण फौजी से कहा कि गांव की बिजली गुल है, धान की रोपाई चल रही है। नलकूप नहीं चलने से रोपाई में दिक्कत आ रही है। एसएसओ ने बताया कि लाइनमैन शाम सात बजे नलकूप की लाइन जोड़कर आए हैं। इसी बीच तकनीकी खराबी से रात आठ बजे फिर बिजली चली गई।
इससे गुस्साए लोग इकट्ठा होकर बिजलीघर पहुंच गए और एसएसओ से कहा कि कस्बा व क्षेत्र की आपूर्ति बंद करें, जब उन्हें बिजली नहीं मिल रही तब तक दूसरे क्षेत्र में भी आपूर्ति नहीं होने देंगे। ग्रामीणों ने रात नौ बजे पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बंद करा दी। बिजली घर पर ताला लगा दिया और चाभी लेकर सभी लोग फर्श बिछाकर धरना देने लगे। एसएसओ लगातार समझा रहे थे, लेकिन उन्होंने कोई बात नहीं सुनी।
इस बीच जिन इलाकों की आपूर्ति ठप की गई, वहां के लोग भी बिजली घर पहुंच गए और उनकी किसानों से कहासुनी होने लगी। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। जेई नूर आलम ने बताया विजयगढ़ थानाध्यक्ष सतीश चंद्र को बताने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रात्रि 11:15 बजे बड़ी मशक्कत से किसानों से चाबी लेकर ताला खुलवाया गया। इसके बाद आपूर्ति शुरू कराई गई।