टप्पल स्थिति डाकघर में बृहस्पतिवार को आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए पहुंचे लोगों ने डाकघर के कर्मचारी पर अभद्रता व रुपये मांगने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की है।
सतीश निवासी स्यारोल थाना टप्पल ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह अपने धेवते का आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकघर में गए थे। कई घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बाद आधार कार्ड नहीं बनाया गया। आरोप है कि कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी ने 1000 रुपये की मांग की। रुपये देने से इंकार करने पर उसने अभद्रता की।
इधर, गांव सालपुर निवासी दिवान ने बताया कि है वह पुत्री के आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए जट्टारी स्थित एक जनसेवा केंद्र पर गए, जिसने 3000 रुपये एक युवक के डाकघर भेज दिया। आरोप है कि डाककर्मी, जनसेवा केंद्र प्रभारी व अन्य कर्मचारी आपस में मिले हुए हैं। घंटों लाइन में खड़े होने के बाद भी कार्ड में संशोधन नहीं किया। मामले में दोनों पीड़ितों ने डाककर्मी व उसके अन्य साथियों के खिलाफ तहरीर दे दी हैं। सीओ वरुण कुमार ने बताया है कि मामले में दोनों लोगों ने तहरीर दी है। आरोपों की जांच की जा रही है।