अलीगढ़। मौसम विभाग ने जिले में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दो से आठ अगस्त तक जिले में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और रुक-रुक कर बारिश व गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। खासकर तीन और चार अगस्त को भारी बारिश होने की संभावना है।
बारिश के बाद रातभर गुल रही बिजली
बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में शनिवार देर रात से रविवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। घंटों तक बिजली गुल रहने, लो वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग से लोगों को उमस भरी रात में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ताओं ने दो से चार घंटे तक बिजली नहीं आने की शिकायत की।
गांधी नगर, नई बस्ती, आवास विकास, मित्र नगर, रघुवीरपुरी, जीवनगढ़, शिवपुरी, मानसरोवर कॉलोनी, रसलगंज, रामबाग कॉलोनी, जनकपुरी, चौधरी विहार और सराय लवरिया समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बारहद्वारी क्षेत्र स्थित श्रीराम धर्मशाला के पास एक बिजली पोल पर फॉल्ट होने और तारों में आग लगने से आपूर्ति बाधित हो गई।
अधीक्षण अभियंता (शहरी) अंशुमान यादव ने बताया कि तकनीकी फॉल्ट के कारण समस्या हुई थी। सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया और फॉल्ट दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई।