पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक दीपक कुमार की अध्यक्षता में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पेट्रोल पंप स्वामियों के साथ एक बैठक की। पुलिस लाइन के नए सभागार में हुई इस बैठक में एसएसपी ने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की।
बैठक में पेट्रोल पंप पर आधुनिक टेक्नोलॉजी संयुक्त उच्च क्वालिटी के सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई। साथ ही भारी नगदी जमा करते समय गाड़ियों को बदल-बदल कर इस्तेमाल करने के लिए कहा गया। किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस सहायता नंबर 112 या एंटी क्राइम हेल्पलाइन नंबर 9454402817 पर सूचना देने के लिए कहा गया।
बैठक में तय किया गया कि पेट्रोल पंपों की सुरक्षा के लिए यूपी 112 के वाहनों के ठहराव के रूप में पेट्रोल पंप के स्थान को शामिल किया जाए। पेट्रोलियम पदार्थों के अवैध गोदाम पर प्रभावी कार्यवाही की जाए। माफिया द्वारा पेट्रोल पंप पर तेल पहुंचाने वाले टैंकर से रास्ते में तेल चोरी रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
बैठक में एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी देहात शुभम पटेल, एसपी ट्रैफिक सतीश चंद्र, सीओ राघवेंद्र सिंह, प्रबल प्रताप सिंह, विजय कुमार, मंगल गुप्ता, सुमित अग्रवाल व पेट्रोल पंप एसोसिएशन के पदाधिकारी और पेट्रोल पंप मालिक मौजूद थे।