लूट की जानकारी देते अवधेश कुमार सिंह।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के गांधी पार्क इलाके के गांव याकूतपुर के पास मंगलवार को एक शराब दुकान के सेल्समैन से 3.25 लाख रुपये की लूट हो गई। सेल्समैन के मुताबिक बदमाशों ने उससे तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस छानबीन के बाद घटना को संदिग्ध मान रही है। दावा है कि सेल्समैन बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस देर रात तक कह रही थी कि ठेका मालिक ने सेल्समेन के खिलाफ अमानत में खयानत की तहरीर दी है, जबकि मालिक का कहना था कि उन्होंने सेल्समैन से 3.25 लाख रुपये लूट की तहरीर दी है।
मूलरूप से बरेली के छावनी एरिया के रहने वाले शराब कारोबारी वैभव जायसवाल की पनैठी तिराहा सहित जिले में 15 दुकानें हैं। वर्तमान में वे एटा चुंगी के पास रहते हैं। वाकया मंगलवार सुबह करीब 11 बजे का है। पनैठी तिराहा पर काम करने वाला सेल्समैन उमेश कुमार निवासी पहाड़ीपुर, बरला शराब की सात दुकानों से एकत्रित हुई 3.25 लाख रुपये की रकम लेकर बाइक से एटा चुंगी स्थित वैभव के घर पर आ रहा था। उमेश का कहना है कि ओजोन सिटी रोड से एटा चुंगी की ओर आते वक्त रास्ते में याकूतपुर गांव के पास दो बाइकों पर पीछे से आए चार बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर रोक लिया और 3.25 लाख रुपये लूट ले गए। इस मामले में थाना पुलिस को जानकारी दी गई। लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने छानबीन की। पूछताछ में घटना स्थल के पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने लूट की जानकारी से इंकार किया। वहीं सेल्समैन के पास से 17 हजार रुपये व एक मोबाइल फोन मिला। इसलिए घटना संदिग्ध मानते हुए पुलिस उमेश को थाने ले आई। इधर, वैभव जायसवाल भी थाने पहुंच गए।
लूट को संदिग्ध बताने के लिए पुलिस ने कई तर्क दिए। उनका कहना था कि रोज की तरह वह अपने किसी साथी को साथ लाने की बजाय अकेला रुपये लेकर निकला। साथ ही उसने मंगलवार को जीटी रोड की बजाय ओजोन सिटी बंबे का रास्ता चुना। पुलिस का दावा है कि शराब कारोबारी ने भी इलाके में जाकर खुद छानबीन की और फिर अपने ही सेल्समैन के खिलाफ अमानत में खयानत की तहरीर दी है। हालांकि पुलिस के इस दावे को शराब कारोबारी ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सेल्समैन से लूट होने की तहरीर पुलिस को दी गई है। एसपी सिटी ने कहा कि मामला संदिग्ध लग रहा है। इसलिए छानबीन की जा रही है। सेल्समैन को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।