फर्रुखाबाद में तैनात विशेष न्यायाधीश डॉ अनिल कुमार सिंह का पीछा करने के मामले में पुलिस अब नए सिरे से जांच करने में जुट गई है। 17 नवंबर को पुलिस ने सुजानपुर गेट से सोफा नहर तक करीब दो किलोमीट दायरे में स्थित दुकानदारों से घटना के बारे में जानकारी की और इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
शुरू में जट्टारी से बोलेरो सवारों के पीछा करने की बात कही गई थी। बोलेरो का जो नंबर बताया गया है, वह अलीगढ़ में पंजीकृत नहीं मिला है। डॉ. अनिल सिंह ने इस संबंध में सोफा पुलिस चौकी पर पहुंचकर बयान दिए थे और विवेचक को घटना स्थल दिखाया था। तब खुलासा हुआ था कि सुजानपुर गेट से बदमाशों ने उनका पीछा शुरू किया था।
पुलिस यह भी मानकर चल रही है कि बदमाशों ने भ्रमित करने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर रैकी की हो। सीओ खैर वरुण कुमार सिंह ने बताया कि तमाम बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। घटना वाले दिन अलीगढ़-खैर मार्ग से होकर गुजरने वाली अन्य कारों के नंबरों को भी ट्रेस कराया जाएगा, ताकि सच्चाई का पता चल सके ।
यह है मामला
थाना खैर क्षेत्र में 29 अक्तूबर को फर्रुखाबाद में तैनात विशेष न्यायाधीश डॉ. अनिल कुमार सिंह का बोलेरो सवार बदमाशों ने पीछा किया था और असलहा दिखाकर उन्हें रोकने की कोशिश की थी। वह घटना के समय नोएडा स्थित अपने घर जा रहे थे। इस मामले में नौ नवंबर को विशेष न्यायाधीश ने ई-मेल के माध्यम से पश्चिमी यूपी के कुख्यात सुंदर भाटी व उसके गैंग पर हमला करने का संदेह जताया था और कहा था कि उन्होंने नोएडा में तैनाती के दौरान इस गिरोह के सदस्यों को सजा सुनाई थी। इसी बदला लेने के लिए घटना की कोशिश की गई।