खुर्जा जंक्शन पर शुक्रवार शाम जीआरपी के एक सिपाही ने मालगाड़ी के गार्ड को पीट दिया। इस घटना में गार्ड की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही रवि कुमार के खिलाफ अलीगढ़ जंक्शन, जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। साथ ही सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, चौकी इंचार्ज शिवकुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वाकया शाम 6:45 बजे का है। गार्ड रोहित कुमार निवासी नालंदा, बिहार के मुताबिक वह ट्रेन संख्या एमआईजीके को लेकर पहुंचे थे। खुर्जा जंक्शन पर मालगाड़ी को थर्ड लाइन पर खड़ा कराया। इसके बाद दूसरे गार्ड को चार्ज देकर जा रहे थे। रोहित के मुताबिक प्लेटफार्म पर वह अपना मुंह धोने लगे। तभी उनके पास सिपाही रवि कुमार पहुंचा। रोहित के मुताबिक सिपाही ने उनको चोर कहकर संबोधित किया। इस पर उन्होंने एतराज जताया और खुद को रेलवे में बतौर गार्ड कर्मचारी के रूप में तैनात बताया।
आरोप है कि इसी बात पर हुई तड़का भड़की के दौरान सिपाही ने तमाचा मार दिया। इसकी शिकायत वहां पर निरीक्षण को पहुंचे एडीआरएम जनरल अनुराग अग्रवाल से की गई। उन्होंने जीआरपी के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। इधर, सूचना पर जीआरपी अलीगढ़ इंस्पेक्टर यशपाल सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने जाकर माजरा समझा। पूरे वाकया से जीआरपी एसपी आगरा को अवगत कराया।
इंस्पेक्टर के मुताबिक एसपी जीआरपी के आदेश पर गार्ड रोहित कुमार की तहरीर के आधार पर सिपाही के खिलाफ लोक सेवक के साथ मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, चौकी इंचार्ज शिव कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट एसपी को भेजी गई है।