चुनाव में अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था को भंग करने वाले खुरापातियों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसमें सी-प्लान एप सबसे अधिक कारगर साबित हो रहा है। सीयूजी मोबाइल नंबर पर संचालित पुलिस के इस सी-प्लान एप में हरेक गली, मोहल्ले से जुड़े 10-15 लोगों की एक सूची है। जिसमें बाकायदा लोगों के नाम, पतों के अलावा उनके मोबाइल नंबर भी दर्ज हैं। जिनसे संपर्क कर पुलिस यह पता कर लेगी कि चुनाव में कौन-कौन गड़बड़ी कर सकता है? विधानसभा चुनाव में गली-मोहल्लों के टेलर, धोबी, नाई, परचून दुकानदार भी पुलिस के आंख-कान बन रहे हैं। एक मैनुअल प्लान भी सूचनाएं एकत्र करने को बूथ स्तर पर तैयार किया जा रहा है। थाना व पुलिस चौकी स्तर पर भी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर जानकारियां ली जा रही हैं।
एक ही मोबाइल कॉल पर मिलेगी अपडेट
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि पुलिस के सी-प्लान एप में जिले के सभी थाने, चौकियों से जुड़े प्रमुख लोगों के नाम व नंबर तो दर्ज हैं ही बल्कि गली, मोहल्लों में टेलर, धोबी, नाई और परचून की दुकान चलाने वाले दुकानदारों के नंबर दर्ज हैं। जिन्हें न केवल अपने क्षेत्र की पूरी जानकारी है और वे इलाके में घटित होने वाली छोटी- छोटी से घटनाओं की जानकारी भी अपडेट करेंगे। उन्होंने बताया कि सी-प्लान पूरी तरह से अपडेट है। इसके साथ ही एक मैनुअल प्लान भी तैयार किया जा रहा है। इसमें मतदान केंद्रों के आसपास रहने वाले संभ्रांत नागरिकों के मोबाइल नंबर शामिल किए जा रहे हैं। इसके साथ ही थाना व पुलिस चौकी स्तर पर भी व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाए जा रहे हैं। इनमें पार्षद, ग्राम प्रधान, चौकीदार, पुलिस व अन्य सरकारी सेवाओं से रिटायर्ड कर्मचारियों को भी शामिल किया जा रहा है।
शिकायतों पर होगा एक्शन
एसपी सिटी ने बताया, पुलिस को कहीं से भी सी-प्लान एप पर किसी तरह के झगड़े, मतदाताओं को प्रलोभन देने, डराने-धमकाने समेत अन्य किसी कृत्य की जानकारी प्राप्त होती है तो पुलिस पहले कॉल कर ग्रुप में शामिल संबंधित लोगों से जानकारी हासिल करेगी। यदि शिकायत सही है तो पुलिस मौके पर जाकर जांच करेगी और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी करेगी।
ग्राम प्रहरियों को भी किया गया सक्रिय
चुनाव को लेकर ग्राम प्रहरियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। इनके माध्यम से भी चुनाव में गड़बड़ी पैदा करने वालों को चिह्नित करने व गड़बड़ियां करने वालों के बारे में सूचनाएं एकत्र करने का कार्य किया जाएगा।