अलीगढ़ शहर में मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। जुलूस मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ ही यातायात पुलिस ने 26 जून को विशेष यातायात डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था सुबह आठ बजे से जुलूसों के संपन्न होने तक प्रभावी रहेगी।
एसपी ट्रैफिक प्रवीण यादव ने बताया कि एफएम तिराहा, जमालपुर, शमशाद चौराहा, तस्वीर महल, तहसील तिराहा, डी-विश्वास तिराहा, देहलीगेट, गूलर रोड, बन्नादेवी और मसूदाबाद क्षेत्र में जुलूस के दौरान यातायात प्रभावित रहेगा। सारसौल चौराहा, एटा चुंगी, मथुरा और आगरा रोड से शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को नए बाईपास एवं अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। आपातकालीन सेवाओं, एंबुलेंस एवं आवश्यक सेवा वाहनों को प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है।
व्यवस्था न बिगड़े.. 650 कर्मचारी रहेंगे तैनात
मुहर्रम को लेकर नगर निगम प्रशासन ने शहर को पांच सेक्टरों में बांटा है। ताजियों के जुलूस मार्ग पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक सेक्टर में एक नोडल अधिकारी की निगरानी में अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तैनात रहेगी।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि पांच नोडल अधिकारी, 30 अधिकारी और 650 सफाई कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। जुलूस मार्गों से आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए भी अलग टीमें गठित की गई हैं। ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।