नई नगर पंचायत बनी मडराक, पिसावा, चंडौस, जवां, बरौली, टप्पल व गभाना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2549 पात्र लाभार्थियों को जल्द ही सरकार की ओर से अपने सपनों का आशियाना मिल सकेगा।
जिला नगरीय विकास अभिकरण ने सर्वे कार्य पूरा करते हुए लाभार्थियों का चयन करते हुए डीपीआर तैयार कर उसे शासन की मंजूरी को भेजा है। इसके लिए आवास निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा जिले की नगर पालिका व नगर पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्रों के आवास पहले से ही बन रहे हैं।
बीते साल जिले में मडराक, पिसावा, चंडौस, जवां, बरौली, टप्पल व गभाना समेत सात नई नगर पंचायत बनी हैं। इन सभी नगर पंचायतों में गरीब पात्र लाभार्थियों का चयन करने को डूडा विभाग ने सर्वे कराया था। डूडा के प्रभारी परियोजना निदेशक कौशल कुमार ने बताया कि शासन स्तर से नगर पंचायतों में नगरीय विकास अभिकरण की ओर से प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराया जाएगा। नई नगर पंचायतों में डूडा की ओर से नामित संस्था के अधिकारी व संबंधित तहसील के लेखपालों के जरिए सर्वे कराया गया है।
उन्होंने बताया कि एक आवास निर्माण पर करीब ढाई लाख रुपये खर्च होते हैं। लाभार्थी को यह धनराशि तीन किस्तों में मिलती है। पहली किस्त में एक लाख रुपये, दूसरी में 50 हजार रुपये व तीसरी किस्त एक लाख रुपये मिलते हैं। उन्होंने बताया कि शहरी आवास योजना में अब तेजी से आवासों का निर्माण होगा।
नवसृजित नगर पंचायत, लाभार्थियों की संख्या
गभाना, 317
जवां,526
पिसावा, 239
मडराक, 572
बरौली, 403
चंडौस, 285
टप्पल, 207