प्रदेश में हाईवे की सुरक्षा को लेकर पुलिस बेहद गंभीर है। आगरा, मथुरा और अन्य स्थानों पर जहां भी हाईवे हैं, उन पर पेट्रोलिंग वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यह बात प्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह ने शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से कही।
वह शुक्रवार को अलीगढ़ आए थे और अंडला में पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय की जमीन का निरीक्षण किया। डीजीपी सुलखान सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था पहले से बेहतर है। महिलाएं बच्चे बेखौफ रास्तों पर निकलते हैं। जहां तक जेवर कांड का सवाल है तो वह जब भी खुलेगा, पूरा ही खुलेगा।
सड़कों का क्राइम और पेशेवर क्राइम कम हुआ है। जहां तक व्यक्तिगत रंजिश और विवादों की बात है, तो वह तो समाज में बना रहेगा। सुलखान सिंह ने कहा कि आने वाले समय में इस बात पर जोर रहेगा कि पुलिस आम लोगों के साथ और नरमी और शिष्टाचार से पेश आए।
उन्होंने अंडला में प्रशिक्षण विद्यालय की प्रगति को देखा। यह जल्द ही शुरू होगा। यूपी के शहरों में ट्रैफिक जाम पर वह बोले कि सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ रही है। सड़कें संकरी हो रही है। इस अवसर पर एडीजी अजय आनंद, डीआईजी आरएस यादव, कमिश्नर सुभाष चंद्र शर्मा, एसएसपी राजेश पांडेय, एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।
पीटीएस के लिए देखी जमीन, लगाई मुहर
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह शुक्रवार को खैर पहुंचे, जहां गांव अंडला के निकट पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (पीटीएस) के लिए प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने नक्शा नजरी देखने के बाद पीटीएस निर्माण के लिए अंतिम मोहर लगा दी।
उन्होंने पीटीएस को और व्यवस्थित बनाने के लिए सात-आठ एकड़ भूमि और अधिग्रहण करने के निर्देश भी दिये। बता दें कि अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव अंडला के निकट खाली पड़ी कृषि विभाग की 53 एकड़ भूमि पर पुलिस प्रशिक्षण स्कूल का निर्माण प्रस्तावित है।
जिसके निरीक्षण के लिए पुलिस महानिदेशक आए थे। उन्होंने पहले स्थलीय निरीक्षण किया बाद में एसएसपी राजेश पांडेय व एसडीएम पीडी गुप्ता से अकादमी के नक्शा में मैदान, क्आर्ठर, फायरिंग रेंज और रोड के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने पाया कि भूमि का फ्रंट 280 फुट है, लेकिन अंदर कुछ स्थानों पर भूमि आड़ी-तिरछी है। सही व व्यवस्थित भूमि करने के लिए उन्होेंने सात-आठ एकड़ भूमि और अधिग्रहण करने की बात ही। उन्होंने बताया कि पीटीएस के लिये 94 एकड़ भूमि की आवश्यकता होती है।
चूंकि यूपी में भूमि की कमी है, इसलिए 60-70 एकड़ भूमि भी पर्याप्त है। भूमि समान और समतल होगी तो पीटीएस का सुव्यवस्थित निर्माण हो सकता है। एसएसपी राजेश पांडेय के अनुसार खैर में बनने वाली पीटीएस मानेसर, इंदौर, मेरठ, मुरादाबाद से भी आकर्षक होगी। इसमें एक साथ सात हजार नये रंगरूट व पुलिस कर्मचारी प्रशिक्षण ले सकेंगे।