पेट्रोल पंप कर्मचारी से हुई लूट के विरोध में जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगी। कुछ पेट्रोल-डीजल पंपों पर इसकी सूचना भी चस्पा कर दी गई। ऐसे में जब वाहन चालकों व स्वामियों को यह पता चला कि छह जनवरी को पेट्रोल पंपों पर हड़ताल रहेगी तो यहां उन्होंने एडवांस में ज्यादा पेट्रोल अथवा डीजल अपने वाहनों में डलवाया।
पेट्रोल पंपों पर लूट का सिलसिला थम नहीं रहा। पिछले दिनों एक पंप पर लूटपाट की घटना हुई थी। उसके बाद अब वसुंधरा फिलिंग स्टेशन के कर्मचारी से लूटपाट हुई। इसे लेकर पेट्रोल पंप स्वामियों में काफी रोष है। इसे लेकर अलीगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन की एक बैठक होटल मैलरोज-इन में हुई।
जिले के पेट्रोल पंप स्वामियों की इस बैठक में यह तय किया गया कि 6 जनवरी बुधवार को सुबह छह बजे से सभी पेट्रोल पंपों पर बिक्री बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इधर, कुछ पंपों पर हड़ताल की सूचना चस्पा कर दी गई। इसके चलते देर शाम इन पंपों पर काफी ग्राहकोें की भीड़ भी लगी रही।
हड़ताल में श्ाामिल नहीं जिलापूर्ति अधिकारी नीरज कुमार ने कहा है कि जनसुविधा को देखते हुए कुछ पंप स्वामियों ने हड़ताल में शामिल नहीं होने का ऐलान किया है। जिसमें मैरिस रोड का सुधीर फिलिंग स्टेशन, नौरंगराय जैन रामघाट रोड मीनाक्षी पुल, सुधीर एनर्जी फ्यूट एटा आगरा रोड, नौरंगराय जैन नौरंगाबाद, पारस किसान सेवा केंद्र हरदुआगंज, रवींद्र फिलिंग स्टेशन, किसान सेवा केंद्र अतरौली, किसान सेवा केंद्र पालीमुकीमपुर, गंगीरी सहित देहात के कुछ पंप हैं।