भिलावली मोड़ के पास रविवार की शाम कोहरे में अज्ञात वाहन बाइक सवार पेट्रोल पंप कर्मी को टक्कर मारकर निकल गया।इससे वह उछलकर सड़क किनारे झाड़ी में जा गिरा। उधर घर न पहुंचने पर परिजन व पड़ोसियों सहित पिता रात भर तलाश करते रहे। सोमवार की सुबह इकलौते बेटे का शव पड़ा मिला तो फफकते हुए पिता वहीं जमीन पर धड़ाम से गिर पड़े।
गांव हिदरामई निवासी रोहित कुमार (26) पुत्र नरेश कुमार अकराबाद क्षेत्र के गांव सिहोर बंबा के पास पेट्रोल पंप पर नौकरी करते थे। रविवार की शाम करीब छह बजे वह पेट्रोल पंप से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में भिलावली मोड़ के पास कोहरे में अज्ञात वाहन उनकी बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि वह बाइक सहित सड़क किनारे झाड़ी में जा गिरे।
उधर देर तक घर न लौटने पर परिजन ने मोबाइल मिलाया तो वह बंद था। इस पर पेट्रोल पंप पर पूछा तो पता चला कि रोहित शाम में ही बाइक से गांव चला गया है। इस पर परिजन और पड़ोसियों सहित पिता उसकी तलाश में जुट गए। रात भर सड़क के साथ परिचितों सहित तलाश करते रहे। जानकारी वाले हर साथी से फोन कर पूछा।
सोमवार की सुबह भिलावली गांव के निवासियों ने सड़क किनारे झाड़ी में पड़ी बाइक और शव को देखा तो खबर फैली। खबर पर परिजन और पुलिस पहुंच गई। उसकी मौत से माता-पिता व पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिवार से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।