ऊपरकोट पर रविवार को हुए उपद्रव में पेट्रोल बम चलने की घटना के बीच मंगलवार को भुजपुरा स्थित एस्सार के पेट्रोल पंप हिंदुस्तान फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन खुली कांच की बोतलों में पेट्रोल देते रंगे हाथों पकड़े गए। यह देख अधिकारियों के कान खड़े हो गए और इस अंदेशे पर पंप से पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर रोक लगा दी गई है कि घटना के दिन यहीं से पेट्रोल ले जाकर पेट्रोल बम तो नहीं फेंके गए थे। साथ में डीएम के निर्देश पर पूर्ति विभाग की टीम ने पंप के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी की डीबीआर जब्त कर ली गई है। साथ में पंप का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रविवार को ऊपरकोट, बाबरी मंडी, घास की मंडी समेत अन्य इलाकों में जमकर उपद्रव हुआ था। इस दौरान मिश्रित आबादी वाले बाबरी मंडी में दो समुदाय आमने सामने आ गए थे। इस दौरान यहां एसएसपी व अन्य अफसरों को निशाना बनाकर पेट्रोल बम भी फेेंके गए। इसके साक्ष्य सोमवार को जांच के लिए एडीएम सिटी के नेतृत्व में गई आरएएफ की टीम को मिले थे। घटनास्थल से टूटी बोतलें बरामद हुई थी। इसके बाद से पेट्रोल पंपों पर पहले से ही प्रतिबंधित बोतल में पेट्रोल देने पर पैनी नजरें गड़ा दी गईं।
मंगलवार को एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी के नेतृत्व में पुलिस बल फ्लैग मार्च कर रहा था। इस दौरान भुजपुरा इलाके के एस्सार के पंप हिंदुस्तान फिलिंग स्टेशन पर सेल्समैन बोतल में पेट्रोल देते मिला। पता चला कि पंप की स्वामी भुजपुरा निवासी शबाना पत्नी मो.यामीन हैं। इसकी सूचना तत्काल डीएम को दी गई। डीएम के आदेश पर गई जिला पूर्ति अधिकारी एवं एस्सार के सेल्स मैनेजर अरविंद श्रीवास्तव पंप पर पहुंचे और उसकी बिक्री पर तत्काल रोक लगाते हुए डीबीआर जब्त कर ली। जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने बताया कि पंप पर पेट्रोल डीजल की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। डीबीआर जब्त कर लिया गया है। जांच में यदि आरोप सही मिले तो पंप का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
बोतल में पेट्रोल बेचा तो नपेंगे
अलीगढ़। जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने पंप स्वामियों को चेतावनी जारी करते हुए कहा कि बोतल में पेट्रोल देना प्रतिबंधित है। यदि जिले के किसी भी पेट्रोल पंप स्वामी ने इसका उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।