पेट्रोल पंप लूटकांड गैंग के मुख्य सरगना बबलू भरतरी का परिवार पुलिस रडार पर आ गया है। पुलिस ने लूट की रकम ठिकाने लगाने में बबलू की मां व छोटी बहन को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह वही बहन है, जिसकी शादी लूट की रकम से इसी माह की पांच तारीख को हुई है। इन दोनों से लूटी गई रकम में से 25 हजार रुपये भी बरामद हुए हैं। इन दोनों पर रकम ठिकाने लगाने के साथ-साथ अपराधियों को शरण देने तक का आरोप है।
सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव के अनुसार पेट्रोल पंप से 6.69 लाख लूटने वाली घटना में जांच के दौरान बबलू भरतरी का नाम सामने आने के बाद जब उसकी खोज शुरू हुई तो पहले उसकी भाभी रक्षा व बड़ी बहन सीमा का नाम सामने आया था। दोनों की अहमद भूमिका के चलते उन्हें रकम सहित गिरफ्तार कर तीन दिन पहले जेल भेजा गया था।
उनसे पूछताछ में ही परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका सामने आई थी। पुलिस उसी दिन से बबलू व उसके परिवार के अन्य सदस्यों के पीछे थी। इसी बीच बबलू ने खुर्जा में सरेंडर कर दिया। अब खोज के दौरान बबलू की मां प्रमोद देवी पत्नी शिशुपाल व छोटी बहन भूरी पुत्री शिशुपाल को सुभाष चौक से गिरफ्तार कर लिया गया। भूरी की इसी पांच फरवरी को शादी हुई है। यह दोनों 25 हजार रुपये लेकर बुलंदशहर जेल में निरुद्ध बबलू को रुपये पहुंचाने जा रही थीं। दोनों को जेल भेज दिया गया है। वहीं सीओ ने बताया कि इसी मामले में बबलू कश्यप बाबा कालोनी को रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि बबलू भरतरी के पहले बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद उसे रिमांड पर लिया जाएगा।
कैशियर लूटकांड हाथ पैर मार रही पुलिस
गांधीपार्क क्षेत्र में ही हुई कैशियर लूटकांड के खुलासे में पुलिस लगातार प्रयासरत है। कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर दो टीमें अलग अलग स्थानों पर रवाना की गई हैं। सीओ का कहना है कि जिस दिशा में प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि कुछ महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगेगी और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।