पेट्रोल और डीजल पर एक तरफ महंगाई की मार है। दूसरी ओर जनता पंप संचालकों की घटतौली का शिकार हो रही है। जिलेभर में तकरीबन 200 के करीब पंप संचालित हैं, इन पर आए दिन घटतौली को लेकर विवाद होता रहता है। इस मामले में जिलाधिकारी कार्यालय को मिली शिकायतों के बाद डीएम ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने पूर्ति विभाग को टीमों का गठन करते हुए तहसीलवार एसडीएम व पूर्ति निरीक्षकों के नेतृत्व में संघन चेकिंग अभियान चलाने व शहर में क्षेत्रीय मजिस्ट्रेटों की नेतृत्व में टीमों का गठन कर अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। आज से यह टीमें जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाएंगी।
वर्तमान में पेट्रोल की कीमत 97 रुपये प्रति लीटर से अधिक और डीजल 92 रुपये प्रति लीटर से अधिक है। मजबूरन वाहन चालक महंगा ईंधन वाहनों में भरवा रहे हैं। इसके चलते मालभाड़े से लेकर यात्री भाड़ा तक महंगा हो गया है। महंगाई के साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों का लालच भी जनता की जेब पर भारी पड़ रहा है। रविवार को शहर के रामघाट रोड के एक पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भराने पहुंचे वाहन चालक का घटतौली का लेकर विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंचा। जैसे-तैसे लोगों के बीचबचाव के बाद निपटारा हुआ। इसी प्रकार सोमवार रात को एटा चुंगी बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर एक बाइक चालक का घटतौली को लेकर विवाद हो गया। बाइक चालक की जिद के बाद पेट्रोल पंप कर्मियों ने वाहन में डाले गए पेट्रोल को वापस निकालकर नापा तो उसमें घटतौली सामने आ गई। बाइक चालक द्वारा खरी-खोटी सुनाए जाने पर पंप कर्मियों और मैनेजर ने माफी मांगते हुए विवाद का निपटारा किया। यह दो मामले तो बानगी भर हैं। जिले में हर रोज घटतौली को लेकर पेट्रोल पंपों पर दर्जनों विवाद सामने आ रहे हैं। इन शिकायतों को देखते हुए डीएम ने पूर्ति अधिकारी को टीम बनाकर जांच के निर्देश दिए हैं। डीएसओ राजेश कुमार सोनी ने बताया कि तहसीलवार जिले में टीमों का गठन किया है। इन टीमों के जरिये पेट्रोल पंपों की औचक जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी घटतौली करता पाया जाएगा, उसका लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराकर जेल भेजने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
घटतौली कर जनता को लूटने वाले पंप संचालकों के खिलाफ कार्रवाई को समर्थन है। जनता के साथ इस महंगाई के दौर में इस घटतौली जैसी शर्मनाक हरकत नहीं करनी चाहिए।
- विजय मंगल गुप्ता, अध्यक्ष अलीगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन