फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हक की चाभी से किस्मत का ताला खोलने को उमड़े लोग

Fri, 19 Apr 2019 02:44 AM IST
राजेश सिंह न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
धौर्रा माफी स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ पर मतदान करने के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं। - फोटो : Rupesh
विज्ञापन
लोकतंत्र के महापर्व के दूसरे चरण में गुरुवार को अलीगढ़वासियों ने बढ़चढ़कर भाग लिया और चुनाव शांतिपूर्वक निपट गया। मताधिकार की चाभी से अपनी किस्मत का ताला खोलने के लिए अलीगढ़ वालों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया और मतदान का आंकड़ा 62.95 फीसदी तक पहुंचा दिया।
विज्ञापन


हालांकि सुबह से ही पुलिस प्रशासनिक मशीनरी को ईवीएम में गड़बड़ी और मतदान बहिष्कार जैसी सूचनाएं दौड़ाती रहीं। जिसकी वजह से कई जगह मतदान देरी से शुरू हुआ, जबकि दिन भर अफवाहों व छोटी-छोटी बातों पर फर्जी मतदान की सूचनाओं ने भी खूब दौड़ाया। लेकिन अंत में जो रिजल्ट निकला उसमें अलीगढ़ फर्स्ट डिवीजन पास हो गया। 

अकराबाद क्षेत्र के गांव नसेराबाद, विजयगढ़ के गांव गांगरौल, लोधा के गांव बिजौना बुजुर्ग और इगलास के गांव नगला झल्लू में मतदाताओं ने बहिष्कार किया और दो गांवों में डीएम-एसएसपी के समझाने के बाद भी मतदान नहीं हुआ।
विज्ञापन


शहर के आईटीआई रोड मतदान केंद्र और छर्रा के सिहावली मतदान केंद्र पर लाइन में लगने के विवाद में मतदाताओं में मारपीट हुई, जबकि शहर के ब्रह्मनपुरी इलाके के मतदान केंद्र पर एक दरोगा के व्यवहार से बखेड़ा खड़ा होने से बच गया। वहीं भुजपुरा में काफी संख्या में मतदाताओं के नाम कटने के कारण वहां लोगों ने जाम लगाया, उन्हें भी पुलिस ने समझाकर शांत किया। देर शाम मतदान के बाद धनीपुर मंडी में ईवीएम जमा होने का काम शुरू करा दिया गया था।

सुबह 7 बजते ही दूसरे चरण का मतदान लोकसभा क्षेत्र की पांच और जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में शुरू हो गया। इनमें लोकसभा की शहर, कोल, बरौली, खैर व अतरौली विधानसभा के अलावा जिले की दूसरी संसदीय सीट हाथरस की सीट छर्रा व इगलास भी शामिल हैं। मतदान के लिए जिले में कुल 1045 मतदान केंद्र व 2136 मतदेय स्थल बनाए गए। इसके अलावा 7 पिंक मतदान स्थल और 28 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाए गए। 

मतदान की शुरुआत के साथ ही सबसे पहले मॉक पोल में 23 कंट्रोल यूनिट, 27 बैलेट यूनिट तथा 56 वीवी पैट मशीनें जवाब दे गईं। इसके चलते शहर के जाकिर हुसैन, खैर के जट्टारी, पिसावा, गंगीरी आदि के कई मतदान केंद्रों पर मतदान देरी से शुरू हुआ। इसी तरह अब्दुल्ला स्कूल के मतदान केंद्र और नगला पटवारी मतदान केंद्र पर ईवीएम की गड़बड़ी पर मतदान देरी से शुरू होने पर  हंगामा हुआ। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें