सफाई के मामले में इंदौर लगातार चौथी बार नंबर-1 शहर बन गया है। इसमें इंदौर के नागरिकों का बहुत बड़ा व महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अलीगढ़ की रैंकिंग में भी काफी सुधार आया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में अलीगढ़ ने 30वां स्थान प्राप्त किया है। जो कड़े परिश्रम का नतीजा है। ये बातें रविवार को नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने कहीं।
शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वह काम करने में यकीन रखते हैं। जब यहां आए थे तो अलीगढ़ सर्फाई के मामले में देश में 173वें नंबर पर था। रैंकिंग सुधारने के लिए उनकी टीम ने बहुत परिश्रम किया है। पिछले वर्ष 173 से 145वें नंबर पर आए। इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में 30वें नंबर पर हैं। इससे साबित होता है नगर निगम की टीम ने कुछ किया है। उन्होंने कहा कि महामारी के काल में पिछले पांच महीने से नगर निगम की टीम बेहतर काम कर रही है। कर्मचारी कोरोना योद्धा की तरह मैदान में हैं। इस बार प्रदेश में तीसरे एवं देश में 30वें नंबर पर आए हैं। शहरवासी सहयोग करें, यकीन दिलाता हूं कि भविष्य में और बेहतर परिणाम आएगा।
नगर आयुक्त ने कहा कि बहुत सारे लोग सफाई के बाद कूड़ा एकत्रीकरण स्थल पर कूड़ा डालकर चले जाते हैं। ऐसे लोगों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ दुकानदार व संस्थान कूड़ा एकत्रीकरण स्थल की सफाई के बाद वहां पर कूड़ा डाल जाते हैं। जिससे दिनभर बदबू फैलती है। लोगों को परेशानी होती है।