फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोराना का टीका खत्म होने पर स्वास्थ्य केंद्रों पर हंगामा

विज्ञापन
मलखान सिंह जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन खत्म हो जाने पर हंगामा कर स्टाफ से नोकझोक करते लोग। - फोटो : CITY OFFICE
विज्ञापन
कोरोना का टीका समाप्त होने पर शुक्रवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, मलखान सिंह जिला अस्पताल एवं मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय सहित शहर के विभिन्न अस्पतालों में हंगामा हुआ। वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य लोगों की स्वास्थ्यकर्मियों से नोकझोंक हुई। यही स्थिति शहर के 13 प्राइवेट अस्पतालों में भी रही।
विज्ञापन

कोविशील्ड टीका खत्म होने के कारण पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सा में सिर्फ 113 एवं महिला अस्पताल में 112 लोगों को ही टीका लग सका। बाकी लोगों को लौटा दिया गया। इस पर लोगों ने यहां पर कुछ देर हंगामा किया। इसके अलावा, यूपीएचसी बेगमबाग, भुजपुरा, बन्नादेवी, शाहजमाल, महफूजनगर, पला साहिबाबाद, पुष्प विहार, जमालपुर, नगला तिकोना एवं सीएचसी गभाना, बिजौली, अकराबाद, गोंडा व अतरौली में टीकाकरण नहीं हुआ।
स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे लोगों को बताया गया कि टीका समाप्त हो गया है। इसकी वजह से परेशान लोगों ने नाराजगी जताई। कोविन पोर्टल पर पंजीयन कराने वाले लोग भी मायूस होकर लौटे। वहीं, मलखान सिंह जिला अस्पताल में 229 लोगों को कोवाक्सिन टीके का प्रथम डोज लगाया गया। इगलास, चंडौस एवं छर्रा में क्रमश: 117, 145 एवं 241 लोगों को कोवाक्सिन टीका लगाया गया। निजी अस्पताल के संचालक डॉ. संजय भार्गव एवं डॉ. चितरंजन ने बताया कि पिछले पांच दिन से टीका नहीं मिल रहा है। आज टीका उपलब्ध कराने का आश्वासन मिला है।
विज्ञापन

यहां पर हुआ टीकाकरण
धनीपुर, इगलास, चंडौस, छर्रा, जवां, लोधा, टप्पल, खैर, मलखान सिंह जिला अस्पताल, मोहनलाल गौतम महिला चिकित्सालय, पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, शाहजमाल, नौरंगाबाद एवं जेएन मेडिकल कॉलेज।
आंकड़ों में 81.90 प्रतिशत टीकाकरण
कोविशील्ड टीका समाप्त होने के कारण भले ही लोग स्वास्थ्य केंद्रों से निराश होकर वापस लौट गए। लेकिन आंकड़ों में जनपद में टीकाकरण का प्रतिशत 81.90 है। प्रथम एवं द्वितीय डोज मिलाकर 2243 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से 1837 लोगों को टीका लगाया गया। प्रथम डोज लेने वालों का प्रतिशत 80.12 है।
बड़ी उम्मीद के साथ टीका लगवाने पहुंचा था। महिला अस्पताल में आने पर मालूम हुआ कि टीका समाप्त हो गया है। - गोपेश, अचलताल
समय निकालकर टीका लगवाने आई थी। यहां तो कोई सुनने वाला नहीं है। कह रहे हैं कि टीका नहीं है। - नीलम, गिर्राज सत्संग भवन के पास
पहले मलखान सिंह जिला अस्पताल गया। वहां बताया गया कि महिला अस्पताल में जाकर लगवाएं। यहां भी टीका नहीं लगा। - अविनाश चौहान, एडीए कॉलोनी, आगरा रोड
जब टीका समाप्त हो गया है तो अधिकारियों को सूचना पहले दे देनी चाहिए थी। विभागीय लापरवाही के कारण लोग बहुत परेशान हुए। - सुधीर कुमार, सासनीगेट
कोविशील्ड की 29 हजार डोज पहुंची, दो दिन के लिए समस्या खत्म
टीका समाप्त होने पर अलीगढ़ से लेकर लखनऊ तक खलबली मच गई है। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को भेजकर अलीगढ़ मंडल के लिए आगरा से करीब 68 हजार डोज कोविशील्ड टीका रिसीव कराया गया। जिला स्तरीय कोल्ड चेन में शुक्रवार शाम को 29 हजार डोज पहुंच गई है। सीएमओ डॉ. बीपी सिंह कल्याणी ने बताया कि 29 हजार डोज आने से दो दिन के लिए समस्या खत्म हो गई है।
लखनऊ से बात चल रही है। जल्द और टीके आ जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों सहित अन्य स्वास्थ्य केेंद्रों को सीमित संख्या में टीका उपलब्ध करा दिया जाएगा ताकि टीका लगवाए बिना कोई वापस नहीं जाए। एडी हेल्थ डॉ. एसके उपाध्याय ने बताया कि आगरा से करीब 68 हजार डोज टीका मंगा लिया गया है। अलीगढ़ के अतिरिक्त हाथरस एवं कासगंज में टीका भेज दिया गया है। एटा में कल भेजा जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें