गूलर रोड़ बिजली घर पर बिजली न आने पर जाम की सूचना पर पहुचें पुलिस कर्मी।
बारिश के चलते गुरुवार शाम करीब 4 बजे से बारहद्वारी बिजलीघर से जुड़े गूलर रोड इलाके की विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण उमस भरी गरमी में परेशान लोगों ने देर रात गूलर रोड बिजलीघर पहुंचकर जमकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। इस दौरान थाने से पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया और बताया कि बारिश के चलते हुए फॉल्ट को खोज पाने में मुश्किल हो रही है। इसलिए आपूर्ति शुरू नहीं हो पा रही है। इसी बीच बिजलीघर पर रखे एक अन्य ट्रांसफार्मर में भी धमाका हो गया। इसके बाद लोगों ने जाम तो खोल दिया। मगर देर रात तक लोग बिजलीघर के इर्द-गिर्द ही घूमते रहे और आपूर्ति शुरू होने का इंतजार करते रहे।
शाम करीब 4 बजे बारिश आने के दौरान बारहद्वारी इलाके में 33केवी लाइन के इंसुलेटर बस्ट होने के कारण गूलर रोड सहित कई इलाकों की आपूर्ति बंद हुई है। इसके बाद पेट्रोलिंग टीमें फाल्ट खोजने में लगी थीं, मगर देर रात समाचार लिखे जाने तक फाल्ट नहीं मिला था। इसी बीच रात करीब 10 बजे गूलर रोड इलाके के लोगों ने विद्युत आपूर्ति न होने से गुस्सा लोगों ने बिजलीघर पहुंचकर जाम लगा दिया। वहां हंगामा करने लगे और बिजलीघर की सीढ़ी सड़क पर लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी सूचना पर देहली गेट पुलिस पहुंच गई। लोगों को समझाकर जाम खुलवाया जा रहा था। इसी बीच वहां एक अन्य ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया। वहां विद्युत स्टाफ ने बताया कि फाल्ट नहीं मिल पा रहा है, जहां से लाइन जोड़ी जाती है, उसके आगे फाल्ट हो जाता है। देर रात लोगों ने जाम तो खोल दिया था। मगर भीड़ आसपास ही घूम रही थी। इंस्पेक्टर देहली गेट के अनुसार कुछ लोग आए थे, जिन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया है।